Edited By Updated: 26 Sep, 2016 10:07 AM
रविवार तड़के मामूली विवाद में 2 बहनोइयों ने मिलकर तीसरे बहनोई को तीसरी मंजिल से नीचे फैंक दिया।
लुधियाना : रविवार तड़के मामूली विवाद में 2 बहनोइयों ने मिलकर तीसरे बहनोई को तीसरी मंजिल से नीचे फैंक दिया। धमाके की आवाज और इलाका निवासियों के इकट्ठा होने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने के बाद चौकी सुंदर नगर और थाना दरेसी की पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान मो. जनीफ (48) निवासी बस्ती मन्नी सिंह के रूप में हुई है।
थाना दरेसी की पुलिस ने चश्मदीद गवाह के रूप में सन्नुल्लाह के बयान पर मृतक के दोनों बहनोई मो. जफीर व मो. अखतर के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज किया है। फिंगर एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी कुलवंत चंद ने बताया कि मृतक जनीफ और उसके दोनों बहनोई मो. अखतर व मो. जफीर सिलाई का काम करते थे। अखतर व जफीर सिलाई का काम शमीम नामक व्यक्ति के पास करते हैं और वहीं रहते हैं जबकि मृतक अपने परिवार के साथ कुलदीप नगर स्थित किराए के कमरे में रहता था।
शनिवार रात्रि अखतर व जफीर ने शराब पीने के लिए जनीफ के साथ प्रोग्राम बनाया। रात्रि जमकर शराब का दौर चला। बस्ती मन्नी सिंह में रहने वाले सन्नुल्लाह ने करीब 3 बजे तीनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद की आवाजें सुनीं। इसके बाद करीब 3.30 बजे धमाके की आवाज हुई। जब सन्नुलाह ने बाहर आकर देखा तो उसकी छत पर मो. जनीफ का शव लहूलुहान अवस्था में पड़ा हुआ था।
चश्मदीद ने दोनों बहनोइयों को तीसरी मंजिल की छत से झांकते हुए देखा। शोर-शराबा होने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि पैसे के लेन-देन के चलते हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया है।