Edited By Updated: 27 Jul, 2016 12:55 PM
एक कलियुगी मां अपने 15 दिन के मासूम लड़के को सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक के बाहर छोड़ गई। लावारिस
लुधियाना (ऋषि): एक कलियुगी मां अपने 15 दिन के मासूम लड़के को सिविल अस्पताल के ब्लड बैंक के बाहर छोड़ गई। लावारिस हालत में बच्चे को पड़ा देख अस्पताल स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए और उन्होंने तुरंत सिविल चौकी की पुलिस को मौके पर बुलाकर बच्चा उनको सौंप दिया। वहीं भूखे प्यासे बच्चे को शांत करवाने के लिए एक अनजान महिला ने उसे अपना दूध पिलाया।
थाना प्रभारी कुलदीप सिंह कंग ने बताया कि दोपहर करीब 1.30 बजे सिविल अस्पताल की लैब में काम करने वाली एक स्टाफ नर्स अनीता किसी काम के चलते ब्लड बैंक की तरफ जा रही थी। जब वह ब्लड बैंक के अंदर दाखिल हुई तो उसे कुर्सी पर एक बच्चा पड़ा हुआ दिखा जो रो रहा था। पहले तो उसने इधर-उधर बच्चे के मां-बाप को ढूंढा। जब उसे कोई नहीं मिला तो उसने ब्लड बैंक के स्टाफ को बताया। इसके बाद वे भी बच्चे के मां-बाप को पूरे अस्पताल में ढूंढने लगे। किसी का पता न चलने पर उन्होंने तुरंत पुलिस को मौके पर बुलाकर बच्चा उनके हवाले कर दिया। फिर एक अनजान महिला ने उसे अपना दूध पिलाकर शांत किया। इसके बाद पुलिस ने जिलाधीश के आदेशों पर मासूम को तलवंडी धाम स्थित एक आश्रम के हवाले कर दिया।
बच्चे के पास से मिले 500 रुपए
जब अस्पताल स्टाफ ने बच्चे को उठाया तो बच्चे ने नए कपड़े डाल रखे थे। इतना ही नहीं बच्चे के कपड़ों में 500 रुपए की नकदी भी थी। जिसे स्टाफ ने पुलिस को दे दिया।