Edited By Punjab Kesari,Updated: 18 Jan, 2018 01:37 PM
एस.टी.एफ. की टीम ने बीती रात एक युवक को डेढ़ करोड़ की हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एस.टी.एफ. लुधियाना रेंज के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि टीम थाना सदर के अधीन आते इलाके जसपाल बांगट नहर के पुल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गांव टिब्बा की तरफ से एक...
लुधियाना (अनिल): एस.टी.एफ. की टीम ने बीती रात एक युवक को डेढ़ करोड़ की हैरोइन सहित गिरफ्तार किया है। एस.टी.एफ. लुधियाना रेंज के इंचार्ज हरबंस सिंह ने बताया कि टीम थाना सदर के अधीन आते इलाके जसपाल बांगट नहर के पुल के पास गश्त पर थी। इसी दौरान गांव टिब्बा की तरफ से एक युवक पैदल आता दिखाई दिया, जिसे संदेह के आधार पर रुकने का इशारा किया गया परंतु उसने भागने की कोशिश की। तलाशी लेने पर युवक के पास से 300 ग्राम हैरोइन बरामद हुई, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में डेढ़ करोड़ रुपए कीमत आंकी जा रही है। युवक की पहचान रणजीत सिंह (22) निवासी गांव करीकलां फिरोजपुर के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ थाना सदर में एन.डी.पी.एस. एक्ट अधीन मामला दर्ज करके आगामी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
रोजगार नहीं मिला तो शुरू कर दी तस्करी: हरबंस सिंह ने बताया कि जांच के दौरान आरोपी युवक रणजीत सिंह ने बताया कि वह जलालाबाद में वैल्डर की आई.टी.आई. करता था। इसके बाद उसे कोई काम न मिलने के कारण बेरोजगार रहने लगा, जिस पर उसने हैरोइन तस्करी का धंधा शुरू कर दिया। वह सस्ते दाम पर हैरोइन लाकर महंगे दाम महानगर के अलग-अलग हिस्सों में ग्राहकों को सप्लाई करता था।
ढोलेवाल (मोगा) से लाया था हैरोइन
अधिकारी ने बताया कि जांच में पता चला कि पिछले 2 साल से नशा तस्करी का काम कर रहा है। उसके खिलाफ फिरोजपुर में भी एक नशा तस्करी का मामला दर्ज है, जिसमें वह जमानत पर बाहर आया हुआ है। आरोपी ने बताया कि वह यह हैरोइन गांव ढोलेवाल मोगा से किसी अज्ञात व्यक्ति से लेकर आया था। आरोपी को आज अदालत में पेश करके एक दिन के रिमांड पर लिया गया है।