Edited By Updated: 03 May, 2016 02:00 AM
देर सायं 25 वर्षीय युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जोरा सिंह पुत्र बलजीत सिंह...
जगराओं(भंडारी): देर सायं 25 वर्षीय युवक ने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जोरा सिंह पुत्र बलजीत सिंह पूर्व सब-इंस्पैक्टर निवासी करनैल गेट पिछले समय से मानसिक तौर पर परेशान था जिस कारण देर शाम उसने घर में फंदा लगा लिया।
मृतक की मां ने आरोप लगाया कि उसके पति की कुछ समय पहले मौत हो गई थी। मौत के बाद उसके पुत्र जोरा सिंह को पुलिस की नौकरी मिलनी थी। उसके लिए संबंधित दस्तावेज भी एस.एस.पी. जगराओं के पास आ चुके थे। करीब 8 महीने पहले जोरा सिंह पर लड़की से छेड़छाड़ के आरोप में पुलिस ने मामला दर्ज किया था जिसका चलान तक पुलिस ने कोर्ट में पेश कर दिया था।
झूठा केस दर्ज होने की बात कह कर जोरा सिंह व उसके परिजन पुलिस को केस खारिज करने के लिए कह रहे थे। सोमवार को प्रैस वार्ता करने के लिए आई.जी. लोकनाथ आंगरा और डी.आई.जी. एस.के. कालिया ने पहुंचना था तो परिवार ने उनसे मिलने की कोशिश की। सुबह इसी मामले को लेकर जोरा सिंह व उसकी मां मोहल्ले के अन्य लोगों को साथ लेकर विधायक एस.आर. कलेर से भी मिले थे और उनकी सहायता करने की गुहार लगाई थी।
थाना प्रभारी जसविंद्र सिंह का कहना था कि पुलिस चलान कोर्ट में पेश कर चुकी है इसलिए अब उनकी कोई सहायता नहीं की जा सकती। उन्होंने जोरा सिंह व उसके परिवार को यह कहा था कि आप लोग, जिसने पर्चा दर्ज करवाया है, उससे बात करें और कोर्ट में अपने पक्ष में बयान करवा कर केस को खत्म करवा सकते हैं। केस खत्म होने के बाद ही जोरा सिंह को पुलिस की नौकरी मिल सकती है।
आज के इस घटनाक्रम के चलते जोरा सिंह पहले से भी अधिक मानसिक परेशानी में आ गया और देर शाम उसने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल पहुंचाया। इस मामले में कुछ संगठनों के सदस्य सिविल अस्पताल में पहुंचे और देर रात तक पुलिस के खिलाफ रोष जताया।