Edited By Updated: 01 May, 2016 06:53 PM
मोबाइल पर शिष्टाचार से बात करने वाला हर व्यक्ति सभ्य हो यह जरूरी नहीं है। कई बार शिष्टाचार का ढोंग रचने वाल नौसरबाज भी हो सकता है।...
लुधियाना(तरुण) : मोबाइल पर शिष्टाचार से बात करने वाला हर व्यक्ति सभ्य हो यह जरूरी नहीं है। कई बार शिष्टाचार का ढोंग रचने वाल नौसरबाज भी हो सकता है। ऐसा ही एक मामला हैबोवाल निवासी एक महिला के साथ घटित हुआ जब मोबाइल पर मधुर आवाज में बात करने वाले शख्स ने हैबोवाल निवासी महिला से उसके ए.टी.एम. का कोड पूछ कर हजारों का चूना लगा डाला।
पीड़ित महिला मंजु जिंदल ने बताया कि 27 अगस्त 2015 को उसे मोबाइल पर एक कॉल आई। मोबाइल पर बात करने वाला शख्स खुद को बैंक का उच्चाधिकारी बता रहा था। उसने कहा कि सुरक्षा के लिए उसे ए.टी.एम. कार्ड का कोड बता दिया जाए जिसे बदल कर दोबारा भेजा जाएगा।
नौसरबाज ने झांसे में लेकर उसे पूर्ण विश्वास दिलाया जिसके बाद उसने ए. टी. एम. कार्ड का कोड उस नौसरबाज को बता दिया। कुछ देर बाद उसे मोबाइल पर मैसेज आया कि उसके अकाऊंट से 45,800 रुपए निकाले जा चुके हैं।
जांच अधिकारी हरजीत सिंह ने बताया घटना के 2 दिन बाद महिला ने पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद हुई जांच के बाद मामला अज्ञात नौसरबाज के खिलाफ दर्ज कर लिया गया है, जिस मोबाइल नंबर से पीड़ित महिला को कॉल आई थी, उस नंबर को सर्विलैंस पर डाला हुआ है परंतु नोसरबाज ने वारदात को अंजाम देने के बाद स्विच ऑफ कर रखा है।