Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Dec, 2017 12:42 PM
सोशल मीडिया पर कुत्ते को मारने के वायरल हुए वीडियो पर 2 व्यक्तियों के खिलाफ थाना धनौला में मुकद्दमा दर्ज किया गया है।
बरनाला(विवेक सिंधवानी,गोयल): सोशल मीडिया पर कुत्ते को मारने के वायरल हुए वीडियो पर 2 व्यक्तियों के खिलाफ थाना धनौला में मुकद्दमा दर्ज किया गया है।
जानकारी देते थाना धनौला के थानेदार दर्शन सिंह ने बताया कि सतवीर सिंह पुत्र चरणजीत सिंह वासी मलकानी पत्ती बडबर, बरनाला ने एक पालतू कुत्ता पिटबुल नस्ल का रखा हुआ था जो कई दिनों से बच्चों व पशुओं को काट रहा था। कुत्ते ने कुछ दिन पहले सतवीर सिंह की भैंस को काट लिया था। सतवीर सिंह ने अपने पड़ोसी पूर्व सैनिक जीत सिंह से कुत्ते को मारने के लिए कहा। जीत सिंह ने अपनी 12 बोर की बंदूक के साथ कुत्ते को गोली से मार दिया। कुत्ता जंजीरों से बंधा हुआ था। कुत्ते को मारने की किसी व्यक्ति द्वारा वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दी गई थी।
शिकायत पर मेनका गांधी ने दिया ध्यान
युवक वैल्फेयर सोसायटी के अध्यक्ष सोनू महेश्वरी ने कुत्ते की हत्या करने की सोशल मीडिया पर वायरल हुई वीडिया की शिकायत पीपल फॉर एनीमल, एनीमल वैल्फेयर बोर्ड आफ इंडिया को भेजी। पीपल फॉर एनीमल की चेयरपर्सन व केन्द्रीय मंत्री मेनका गांधी ने सोनू महेश्वरी को ई-मेल भेजकर जानकारी दी कि कुत्ते को मारने के मामले में उन्होंने एस.एस.पी. बरनाला को कार्रवाई का आदेश दे दिया है।
एस.एस.पी. ने किया पर्चा दर्ज : एस.एस.पी. बरनाला हरजीत सिंह ने इस वीडियो संबंधी सतवीर सिंह व पूर्व सैनिक जीत सिंह पर धारा 429 आई.पी.सी. तहत केस दर्ज करके उनकी तलाश शुरू कर दी है। कुत्ते का पोस्टमार्टम करवाने के लिए बरनाला भेजा गया है।