Edited By Punjab Kesari,Updated: 21 Jan, 2018 11:36 AM
शनिवार शाम लगभग 6 बजे ई.डब्ल्यू.एस. कालोनी में महिला तस्कर को पकडऩे गई एंटी नार्कोटिक सैल की पुलिस पार्टी पर तस्करों ने अपने समर्थकों संग जमकर ईंट-पत्थर बरसाए।
लुधियाना(ऋषि): शनिवार शाम लगभग 6 बजे ई.डब्ल्यू.एस. कालोनी में महिला तस्कर को पकडऩे गई एंटी नार्कोटिक सैल की पुलिस पार्टी पर तस्करों ने अपने समर्थकों संग जमकर ईंट-पत्थर बरसाए।
तस्करों ने एक ए.एस.आई. मेजर सिंह की वर्दी फाड़ डाली, पत्थर लगने से रेड पार्टी की महिला कांस्टेबल रीना गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जिन 2 कारों में पुलिस रेड करने गई उनकी भी जमकर तोड़ फोड़ कर शीशे तोड़ दिए। पता चलते ही थाना डिवीजन नं. 7 की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और पूरे इलाके को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया।
सैल प्रभारी इंस्पैक्टर सुरिंदरपाल ने बताया कि ए.एस.आई. मेजर सिंह की सुपरविजन में एक टीम महिला तस्कर को पकडऩे उसके घर गई थी। टीम में महिला कांस्टेबल रीना, ए.एस.आई. मेजर सिंह, हैड कांस्टेबल गुरमुख सिंह सहित कुल मुलाजिम थे। जब उन्होंने रेड की तो महिला तस्कर कंचन के घर से 10 किलो गांजा बरामद हो गया।
जब पुलिस महिला तस्कर को लेकर एंटी नार्कोटिक सैल लाने के लिए कार में बिठाने लगी तो उसके समर्थकों व घर में मौजूद अन्य तस्करों ने पुलिस पर उसे साथ न ले जाने का दबाव बनाना चाहा। जब उन्होंने एक न सुनी तो सभी ने पुलिस पार्टी पर हमला बोल दिया और उन पर ईंटें पत्थर फैंकने शुरू कर दिए। हमले में महिला कांस्टेबल घायल हो गई और ए.एस.आई. की वर्दी फाड़ दी।