Edited By Punjab Kesari,Updated: 06 Nov, 2017 03:18 PM
जिला पुलिस की तरफ से रविवार को स्थानीय केन्द्रीय जेल में करीब 200 पुलिस कर्मियों के साथ सर्च ऑप्रेशन चलाया गया। सुबह 5.30 बजे से 8.30 बजे तक चले इस ऑप्रेशन में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई।
फरीदकोट(राजन): जिला पुलिस की तरफ से रविवार को स्थानीय केन्द्रीय जेल में करीब 200 पुलिस कर्मियों के साथ सर्च ऑप्रेशन चलाया गया। सुबह 5.30 बजे से 8.30 बजे तक चले इस ऑप्रेशन में पुलिस को कोई खास सफलता नहीं मिल पाई। 1,900 कैदियों की क्षमता वाली जेल से पुलिस को मात्र 2 हवालातियों से ही 2 मोबाइल बरामद हुए। इस मामले में जेल प्रशासन की शिकायत के आधार पर थाना कोतवाली पुलिस ने दोनों हवालातियों मनजिंद्र सिंह व सुखदेव सिंह के खिलाफ केस दर्ज करके कार्रवाई शुरू कर दी है।
एस.एस.पी. डा. नानक सिंह की हिदायत पर रविवार सुबह करीब 5 बजे एस.पी. (आई) सेवा सिंह मल्ली की अगुवाई में करीब 200 पुलिस कर्मचारी व अधिकारियों की टोली जेल पहुंची और पुलिस ने जेल में सर्च ऑप्रेशन शुरू किया। इस दौरान जेल की तमाम बैरकों को तलाशा गया और कैदियों व हवालातियों के सामान तक की तलाशी ली गई। करीब 3 घंटे की सर्च के बाद पुलिस को 2 मोबाइल फोन ही बरामद हुए और वे भी साधारण हैं। महज 2 फोन की बरामदगी से यह कार्रवाई शक के दायरे में आ गई है। आशंका जताई जा रही है कि पुलिस के इस ऑप्रेशन की सूचना लीक हुई जिसके चलते वहां से कोई खास सामान नहीं मिल पाया।
नशा व मोबाइल फोन के लिए बदनाम है जेल
यहां की केन्द्रीय जेल में बंद अपराधी सरेआम नशे व मोबाइल फोन का उपयोग करते रहे हैं और इसी कारण जेल को काफी बदनाम माना जाता है। यहां के कैदी अक्सर सोशल मीडिया पर अपने पोस्ट अपडेट करते रहे हैं और नशा तो किसी समय यहां ऑन डिमांड मिलता रहा है। वर्तमान में यहां पर करीब 1,800 कैदी व हवालाती बंद हैं जिनमें कई कुख्यात गैंगस्टर शामिल हैं।