Edited By Punjab Kesari,Updated: 06 Nov, 2017 08:18 AM
गांव पंडोरी गोला के निवासियों ने महिला की मौत के बाद पति व ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर थाना सदर का घेराव करते हुए धरना लगाया और जमकर नारेबाजी की।
तरनतारन(रमन) : गांव पंडोरी गोला के निवासियों ने महिला की मौत के बाद पति व ससुरालजनों के खिलाफ मामला दर्ज करने की मांग को लेकर थाना सदर का घेराव करते हुए धरना लगाया और जमकर नारेबाजी की। इस संबंधी जानकारी देते हुए मृतक लड़की के पिता गुरबचन सिंह ने बताया कि उनकी लड़की का विवाह करीब 13 साल पहले गुरमुखपाल सिंह पुत्र अमरपाल सिंह निवासी लौंगोवाल (शाहकोट) के साथ हुआ था जोकि फौज में नौकरी करता है। उन्होंने बताया कि उनकी लड़की प्रवीण कुमारी के 2 छोटे बच्चे हैं।
उनकी लड़की को उनका दामाद काफी परेशान करता था और उनकी लड़की पर संदेह करता था। इसके चलते उनका आपसी झगड़ा होने के कारण वह पिछले कुछ समय से अपने मायके घर रह रही थी। उन्होंने बताया कि उसका माननीय अदालत में खर्चे संबंधी केस भी चल रहा था और वह घरेलू परेशानियों के कारण काफी बीमार हो गई थी तथा उसे कुछ दिन पहले जालंधर के अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल करवाया गया था और गत रात उसकी अचानक मौत हो गई।
थाना सदर के बाहर मृतक लड़की के भाई सोनू, चाची संतोष, वरिन्द्र कौर, केवल सिंह, डा. अवतार सिंह, हरभेज सिंह, हरविन्द्र सिंह ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मांग की कि मृतक लड़की के पति व उसके परिजनों के खिलाफ मामला दर्ज किया जाए। इस संबंधी थाना सदर के प्रभारी इंस्पैक्टर कमलमीत सिंह ने बताया कि लड़की के परिवार की शिकायत पर मामले की जांच शुरू कर दी गई है और इस संबंधी जालंधर टीम रवाना की जा रही है।