Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Jan, 2018 08:49 AM
नन्दनपुर रोड से फोटोग्राफर का अपहरण कर कान व अंगुली काट देने के मामले में वांछित 2 आरोपियों को थाना मकसूदां की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि विशाल ने उसका विवाह होने की खबर उसकी गर्लफ्रैंड को दे दी थी जिस कारण उसका उससे...
जालंधर (स.ह.): नन्दनपुर रोड से फोटोग्राफर का अपहरण कर कान व अंगुली काट देने के मामले में वांछित 2 आरोपियों को थाना मकसूदां की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों ने खुलासा किया है कि विशाल ने उसका विवाह होने की खबर उसकी गर्लफ्रैंड को दे दी थी जिस कारण उसका उससे ब्रेकअप हो गया।
इसी बात का सबक सिखाने के लिए विशाल पर हमला किया गया। डी.एस.पी. करतारपुर सर्वजीत सिंह राय ने बताया कि 27 दिसम्बर की रात को नन्दनपुर रोड पर स्थित विशाल स्टूडियो का मालिक विशाल दुकान बंद कर घर जा रहा था तो कार सवार युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और तेजधार हथियार से उसका कान व अंगुली काट दी। अपहरणकत्र्ता विशाल को अधमरी हालत में कानपुर गांव के निकट फैंक कर फरार हो गए।
डी.एस.पी. राय ने बताया कि मामले की जांच थाना मकसूदां के प्रभारी बलजिन्द्र सिंह ने शुरू की और जांच के दौरान विशाल के पिता सेवा सिंह के बयानों पर सतिन्द्र सिंह पुत्र जसवीर सिंह वासी पटेल नगर, जालंधर तथा उसके साथी गरविन्द्र सिंह पुत्र जसपाल सिंह वासी संतोखराय, गुरदासपुर के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया। डी.एस.पी. राय ने बताया कि आज थाना प्रभारी को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी गांव सरमस्तपुर के धार्मिक स्थल पर माथा टेकने आ रहे हैं। पुलिस ने ट्रैप लगाकर आरोपियों को काबू कर लिया। डी.एस.पी. सर्वजीत सिंह राय ने बताया कि प्रारम्भिक जांच में खुलासा हुआ कि सतिन्द्र और विशाल दोनों पुराने दोस्त हैं।
इलाके में सतिन्द्र की गर्लफ्रैंड रहती थी जिस बारे में विशाल को पता था। सतिन्द्र ने अपनी गर्लफ्रैंड को बताया था कि वह अविवाहित है। करीब अढ़ाई महीने पहले उसकी शादी हो गई परंतु इस बारे सतिन्द्र ने अपनी गर्लफैंड को नहीं बताया, लेकिन विशाल ने उसकी गर्लफ्रैंड को बता दिया कि उसकी शादी अढ़ाई महीने पहले हो गई है जिस कारण सतिन्द्र का अपनी गर्लफ्रैंड से ब्रेकअप हो गया। इसी गुस्से में सतिन्द्र ने साथी के साथ मिलकर विशाल पर जानलेवा हमला किया। डी.एस.पी. राय ने बताया कि गिरफ्तार युवकों से पूछताछ के लिए रिमांड लिया गया है।