Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Dec, 2017 12:09 PM
नगर निगम चुनावों के दौरान जालंधर, पटियाला और अमृतसर में पार्टी के लिए प्रचार प्रदेश के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है।
जालंधर (रविंदर शर्मा) : नगर निगम चुनावों के दौरान जालंधर, पटियाला और अमृतसर में पार्टी के लिए प्रचार प्रदेश के मुख्यमंत्री कै. अमरेंद्र सिंह पर लगातार दबाव बढ़ता जा रहा है। पार्टी के भीतर बढ़ते दबाव के बाद अब कै. अमरेंद्र सिंह इन तीनों जिलों में एक-एक दिन प्रचार कर सकते हैं। नगर निगम चुनावों के मद्देनजर कै. अमरेंद्र सिंह ने अपने गुजरात दौरे को भी रद्द कर दिया है। हालांकि अभी तक सी.एम. आफिस से कैप्टन के नगर निगम चुनाव में प्रचार करने को हरी झंडी नहीं मिली है।
गौर हो कि पंजाब केसरी ने अपने वीरवार को अंक में खबर छापी थी कि कै. अमरेंद्र सिंह नगर निगम चुनावों में पार्टी के लिए प्रचार नहीं करेंगे। प्रचार की कमान प्रदेश प्रधान सुनील जाखड़ और मुख्यमंत्री के पॉलीटिकल सैक्रेटरी कै. संदीप संधू के हाथ में होगी। यही नहीं नगर निगम चुनावों में पार्टी के स्टार प्रचारक कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू होंगे और सिद्धू की ही सभी जिलों से लगातार डिमांड आ रही है। मगर कै. अमरेंद्र सिंह के चुनाव प्रचार में हिस्सा न लेने की बात सामने आने के बाद पार्टी के भीतर ही गुटबाजी दिखाई देने लगी है। पार्टी के भीतर ही बड़े नेताओं ने आवाज उठानी शुरू कर दी थी कि ऐसा कर सीधे तौर पर कैप्टन अकाली-भाजपा को फायदा पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं।
यही नहीं नगर निगम चुनावों के दौरान कैप्टन ने अपना दौरा गुजरात में रख लिया था, ताकि वहां वह कांग्रेस के लिए प्रचार कर सकें। बुधवार को सी.एम. सिक्योरिटी भी गुजरात के राजकोट व सूरत के लिए रवाना कर दी गई थी और वीरवार को कैप्टन के वहां पहुंचने की संभावना थी। मगर वीरवार सुबह ही सी.एम. आफिस से सी.एम. सिक्योरिटी को वापस बुलाने का आदेश भेज दिया गया, जिसके बाद सी.एम. सिक्योरिटी वहां से वापस रवाना हो गई है। संभावना जताई जा रही है कि अब कैप्टन गुजरात दौरे पर प्रचार के लिए नहीं जाएंगे, बल्कि वे नगर निगम प्रचार के लिए सभी जिलों को एक-एक दिन देने की प्लानिंग पर काम कर रहे हैं।