Edited By Punjab Kesari,Updated: 08 Dec, 2017 09:00 AM
गढ़दीवाला की दशहरा ग्राऊंड के नजदीक बुधवार को हमलावरों ने गोलियां मार कर अमरीक सिंह की हत्या कर दी। इस संबंध में पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जबकि 3 आरोपियों को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था।
होशियारपुर (स.ह.): गढ़दीवाला की दशहरा ग्राऊंड के नजदीक बुधवार को हमलावरों ने गोलियां मार कर अमरीक सिंह की हत्या कर दी। इस संबंध में पुलिस ने 9 आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है, जबकि 3 आरोपियों को पुलिस ने बुधवार देर रात गिरफ्तार कर लिया था। अमरीक सिंह की यह हत्या गैंगवार का नतीजा है।वहीं पुलिस को करीब पौने 2 महीने पहले ही एक गैंग के पकड़े गए 8 सदस्यों से यह जानकारी मिल गई थी कि सतनाम सिंह बिट्टू के विरोधी गुट में हत्या करनी है और उसके लिए सौदा हो चुका है। हालांकि पुलिस द्वारा अमरीक सिंह के परिवार को सुरक्षा भी मुहैया करवाई गई थी मगर फिर भी हत्यारे अमरीक सिंह के सुबह अकेले घर से निकलने का लाभ उठाते हुए वारदात को अंजाम दे गए।
गैंगस्टर राजा के 8 साथियों की गिरफ्तारी के बाद हुआ था खुलासा
अक्तूबर महीने में पुलिस ने जिला जेल संगरूर में बंद गैंगस्टर राजीव कुमार उर्फ राजा पुत्र रामपाल निवासी मोहल्ला ताजगंज लुधियाना के गैंग के 8 खतरनाक सदस्यों को असले व नशीले पाऊडर सहित गिरफ्तार किया है। तब जालंधर रेंज के डिप्टी इंस्पैक्टर जनरल ऑफ पुलिस जसकर्ण सिंह व एस.एस.पी. जे. इलनचेलियन ने प्रैस कॉन्फ्रैंस में इस संबंध में जानकारी दी थी कि पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को जानकारी दी है कि राजा की जंग निवासी कनाडा, ज्योति, पिं्रस निवासी खुर्दा के साथ डील हुई है। राजा ने उन्हें कहा है कि सतनाम सिंह बिट्टू, जिसकी चंडीगढ़ में हत्या कर दी गई थी, के विरोधी ग्रुप के सदस्य की हत्या के लिए 35 लाख रुपए की सुपारी मिलनी है। पहली किस्त 10 लाख रुपए ले ली गई थी। इसमें से 7 लाख रुपए राजा का कोई आदमी ले गया था।
मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी तक अंतिम संस्कार नहीं करेगा परिवार
गढ़दीवाला (जतिन्द्र): अमरीक सिंह उर्फ मीका पुत्र मेहंगा सिंह के पारिवारिक सदस्यों द्वारा आज उनका अंतिम संस्कार करने से साफ इंकार कर दिया गया। मृतक के बड़े भाई तरलोक सिंह जिसके बयानों के आधार पर पुलिस ने मीका कत्लकांड का मामला दर्ज किया है, ने सख्त रोष जाहिर करते हुए कहा कि जब तक पुलिस प्रशासन अमरीक सिंह कत्लकांड के मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार नहीं करती तब तक वह शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे।
3 आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
डी.एस.पी. दसूहा राजिन्द्र कुमार शर्मा ने बताया कि पुलिस द्वारा बीती रात कत्लकांड के 3 आरोपियों जतिन कुमार पुत्र मंदीप कुमार, सचिन बावा पुत्र लाल चंद तथा पवन कुमार पुत्र जोगिन्द्र कुमार (तीनों निवासी गढ़दीवाला) को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा कत्लकांड के अन्य आरोपियों की बड़ी सरगर्मी से तलाश के लिए भिन्न-भिन्न टीमें बना छापेमारी की जा रही है। डी.एस.पी. राजिन्द्र कुमार शर्मा तथा एस.एच.ओ. गढ़दीवाला जसकंवल सिंह सहोता मृतक अमरीक सिंह के घर अफसोस प्रकट करने भी पहुंचे।