Edited By Punjab Kesari,Updated: 19 Dec, 2017 07:38 AM
थाना सिटी फिरोजपुर की पुलिस ने एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर जसबीर सिंह के दिशा-निर्देशानुसार ए.एस.आई. सुखदेव सिंह के नेतृत्व में चोर गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। डी.एस.पी. हरिन्द्र सिंह डोड ने बताया कि एस.एच.ओ. जसबीर सिंह को...
फिरोजपुर (कुमार): थाना सिटी फिरोजपुर की पुलिस ने एस.एच.ओ. इंस्पैक्टर जसबीर सिंह के दिशा-निर्देशानुसार ए.एस.आई. सुखदेव सिंह के नेतृत्व में चोर गिरोह के 2 सदस्यों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। डी.एस.पी. हरिन्द्र सिंह डोड ने बताया कि एस.एच.ओ. जसबीर सिंह को गुप्ता सूचना मिली थी कि कथित चोर बलबीर सिंह उर्फ बीरू पुत्र चिमन सिंह व भगवान सिंह उर्फ भग्गू पुत्र गुरदीप सिंह निवासी छोटी चक्कियां थाना मक्खू मोटरसाइकिल चोरी करने और आगे बेचने का कारोबार करते हैं।
चोरों के शहर में घूमते होने की सूचना मिलने पर गत दोपहर को ए.एस.आई. सुखदेव सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने दाना मंडी फिरोजपुर शहर में नाकेबंदी कर बलदेव बीरू व भगवान भग्गू को गिरफ्तार कर उनसे चोरी का मोटरसाइकिल बरामद कर लिया। इसके अलावा पुलिस ने उनकी निशानदेही पर 17 मोटरसाइकिल बरामद किए हैं। प्राथमिक पूछताछ में पकड़े गए कथित चोरों ने माना है कि उन्होंने ये मोटरसाइकिल जिला फिरोजपुर के अलग-अलग एरिया से चोरी किए हैं और चोरी से पहले वे उस एरिया की रेकी करते थे।
एंटी क्राइम-एंटी नार्कोटिक्स विंग ने दी थी सी.सी.टी.वी. फुटेज
इस कथित चोर गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार करवाने में एंटी क्राइम-एंटी नार्कोटिक्स विंग के पदाधिकारी गिन्नी गुलाटी व अन्य टीम सदस्यों ने पुलिस को सहयोग दिया और इन कथित चोरों की मोटरसाइकिल चोरी करने की सी.सी.टी.वी. फुटेज निकालकर पुलिस को दी। चोरों से और भी चोरी के वाहन बरामद होने की संभावना है।