Edited By Updated: 24 Aug, 2016 11:07 AM
फगवाड़ा के हादियाबाद के रहने वाले युवक की फिलीपींस की राजधानी मनीला में अज्ञात युवकों ने गोलियां मार कर हत्या कर दी...
फगवाड़ा: फगवाड़ा के हादियाबाद के रहने वाले युवक की फिलीपींस की राजधानी मनीला में अज्ञात युवकों ने गोलियां मार कर हत्या कर दी है। मृतक सुखविन्द्र सिंह तीन साल पहले फाइनांस कारोबार करने फिलीपींस गया था और तीन माह पहले ही उसे वहां की स्थायी नागरिकता मिली थी। उसके बाद वह वहां पर बेहद खुश था। मंगलवार को जब उक्त घटना की खबर फगवाड़ा के हदियाबाद इलाके में स्थित ग्रीन लैंड कालोनी में मृतक सुखविन्द्र सिंह के घर में पहुंची तो उनके घर मातम छाया गया।
उसकी मां गुरबख्श कौर का रो-रो कर बुरा हाल है। उसकी बहनों अमनदीप कौर व रमिन्द्र कौर भी हालत बेहद मार्मिक बनी हुई है। उसके परिजनों ने बताया कि सुखविन्द्र सिंह घर का ‘चिराग’ था। वह अपनी मां का इकलौता बेटा और 2 बहनों का इकलौता भाई था। उसकी मौत की खबर सुनने के बाद भी किसी को यह यकीन नहीं आ रहा है कि वह मनीला में ‘मौत की गहरी नींद’ सो चुका है। गुरबख्श कौर ने बताया कि उसकी अपने लाडले बेटे के साथ हत्या से महज एक दिन पहले मोबाइल पर लंबी बात हुई थी। उसने कभी भी उससे यह अंदेशा नहीं जताया था कि उसे मनीला में अपनी जान को खतरा है। अब उनकी यही एक मात्र इच्छा है कि भारत सरकार उसके इकलौते पुत्र सुखविन्द्र सिंह की लाश मनीला से फगवाड़ा तक पहुंचा दे।
आपकों बतां दे कि सुखविन्द्र सिंह की एक माह पहले जालंधर की लड़की के साथ उसकी शादी तय हुई थी। अगले माह शादी की तारीख तय थी, जिस के चलते परिवार वाले शादी की शापिंग जालंधर कर रहे थे। वहीं जब इस घटना की सूचना लड़की के परिजनों को मिली तो उन पर भी दुखों का कहर टूट पड़ा।