Edited By Updated: 19 Oct, 2016 09:20 AM
रेल कोच फैक्टरी कपूरथला द्वारा विशेष तौर पर भारतीय सेना के लिए तैयार किए गए 15 रेल डिब्बों को आज भारतीय सेना को सौंपा गया।
कपूरथला (मल्ली): रेल कोच फैक्टरी कपूरथला द्वारा विशेष तौर पर भारतीय सेना के लिए तैयार किए गए 15 रेल डिब्बों को आज भारतीय सेना को सौंपा गया। भारतीय सेना के लिए विशेष तौर पर तैयार किए गए रेल डिब्बों को आर.सी.एफ. जनरल मैनेजर आर.पी. निबारिया की उपस्थिति में लैफ्टीनैंट जनरल आर.के. शर्मा ने हरी झंडी देकर फैक्टरी की वर्कशाप में से रवाना किया।
इससे पहले आर.सी.एफ. के सी.एम.ई. पी.सी. गुप्ता ने लैफ्टीनैंट जनरल आर.के. शर्मा से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि आर.सी.एफ. को भारतीय सेना के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस 90 रेल डिब्बे बनाने का आर्डर मिला हुआ है व वित्तीय वर्ष 2016-17 दौरान 60 रेल डिब्बों का निर्माण किया जाएगा जो ए.सी. थ्री टायर श्रेणी के हैं। इन डिब्बों में सेना की जरूरतों के मुताबिक विशेष बदलाव किए गए हैं। प्रत्येक डिब्बे में नहाने के लिए एक बाथरूम की सुविधा है।
इसके अतिरिक्त साइड बर्थ की तरफ स्नैक टेबल लगाया गया है व सभी रेल डिब्बों में एल.ई.डी. लाइट लगाई गई है। पी.सी. गुप्ता ने बताया कि इससे पहले आर.सी.एफ. ने वर्ष 1999 में डी.आर.डी.ओ. के लिए स्पैशल पर्पज कोच निर्माण किए थे जिनको भारत रत्न डा. ए.पी.जे अब्दुल कलाम ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया था।