Edited By Punjab Kesari,Updated: 10 Jan, 2018 08:09 AM
रामा मंडी के जौहल मल्टी स्पैशलिटी अस्पताल की फार्मेसी में पिछले डेढ़ साल से काम कर रही 30 वर्षीय एक महिला आरती को उसके ससुराल वालों द्वारा जान से मार देने के इरादे से उसे जबरन फिनाइल पिला दिए जाने का मामला सामने आया है। आरती को जौहल अस्पताल में ही...
जालंधर(महेश): रामा मंडी के जौहल मल्टी स्पैशलिटी अस्पताल की फार्मेसी में पिछले डेढ़ साल से काम कर रही 30 वर्षीय एक महिला आरती को उसके ससुराल वालों द्वारा जान से मार देने के इरादे से उसे जबरन फिनाइल पिला दिए जाने का मामला सामने आया है। आरती को जौहल अस्पताल में ही भर्ती करवाया गया है। डाक्टरों ने उसकी हालत को नाजुक बताते हुए कहा है कि अगले 48 घंटे तक उसके बारे में कुछ नहीं कहा जा सकता।
आरती के भाई विमल जोशी पुत्र सत्या प्रकाश जोशी निवासी बशीरपुरा जालंधर ने मौके पर पहुंचे थाना रामा मंडी की नंगल शामां पुलिस चौकी के ए.एस.आई. कुलदीप सिंह को बताया कि उन्होंने आरती की शादी सवा 2 साल पहले गणेश नगर रामा मंडी में की थी। शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने आरती को दहेज की मांग को लेकर परेशान करना शुरू कर दिया और धीरे-धीरे यह मामला मारपीट तक पहुंच गया।
आरती से उसके ससुराल वाले जबरन नौकरी करवा रहे थे। उसे खाने व कपड़ों को लेकर भी प्रताडि़त किया जाता था। उसका वेतन भी वे छीन लेते थे। कई दिनों से वह अस्पताल की मैस से ही खाना खा रही थी। विमल जोशी ने बताया कि आज आरती के ससुराल वालों (सास-ससुर व पति) ने उसे फिनाइल पिलाकर उसे जान से मारने की कोशिश की। ए.एस.आई. कुलदीप सिंह ने कहा है कि आरती के बयान अभी नहीं हुए हैं। उसके मायके वालों के बयान ले लिए गए हैं। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। उसके बाद बनती कानूनी कार्रवाई की जाएगी।