Edited By Updated: 01 May, 2016 02:54 PM
पुलिस वैन का मुक्का मारकर शीशा और लोहे की जाली तोड़ हत्या का ...
जालंधरः पुलिस वैन का मुक्का मारकर शीशा और लोहे की जाली तोड़ हत्या का आरोपी राजवीर सिंह फरार हो गया। मगर पीछे से बाइक पर आए 2 पुलिस मुलाजिमों ने उसे गया। आरोपी के खिलाफ चोरी, 66 फुट रोड पर गलेटो विंची फूड प्वांइट के मालिक रतिकांत यादव को गोली मार कर लूटने और फुफेरे भाई के मर्डर का केस दर्ज है।
ए.एस.आई. पलविंदर सिंह ने कहा कि मिनी बस में सुबह मॉडर्न जेल से 29 हवालाती कोर्ट लेकर आ रहेे थे। बस में 15 पुलिस वाले थे। बस बी.एस.एफ. चौक से लाडोवाली रोड पर आई तो स्पीड कम थी। इस बीच पीछे बैठे बटाला के गांव नाथपुरा के राजवीर सिंह राजा ने मुक्का मारकर शीशा तोड़कर लोहे की जाली तोड़ दी।
वह चलती बस की खिड़की से कूद गया। बस के पीछे बाइक पर थाना आदमपुर के सिपाही विजय और प्रदीप आ रहे थे। दोनों ने बस से राजवीर को छलांग लगाते देख लिया। विजय ने बाइक रोकी और राजवीर के पीछे दौड़ पड़ा। राजवीर को दोनों मुलाजिमों ने पकड़ लिया। बस आगे जा कर रुक गई थी।
राजवीर ने बताया कि कुछ दिन पहले उसकी मां जेल में मुलाकात कर के गई थी।
मां ने बताया था कि बुआ के दामाद ने उनके घर में कब्जा कर लिया है और धमकियां देता है। मां रो रही थी। यह बात उसके मन में घर कर गई। उसे जब मिनी बस में बैठाया गया था तो वह पीछे बैठ गया। बस भरी थी तो उसने मौका पा कर पहले खिड़की का शीशा तोड़ा और फिर लोहे की जाली। लाडोवाली रोड पर जैसे ही बस धीमी हुई वह खिड़की से कूद गया। राजवीर पहले तो कहने लगा उसने बुआ के दामाद को समझाना था, मगर बाद में बोला उसका कत्ल करना था।