Edited By Updated: 27 Nov, 2015 06:09 PM
पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता सुनील जाखड़ ने कहा है कि केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री विजय...
जालन्धर(धवन): पंजाब कांग्रेस विधायक दल के नेता सुनील जाखड़ ने कहा है कि केंद्रीय सामाजिक न्याय व अधिकारिता राज्य मंत्री विजय सांपला द्वारा कांग्रेस को नसीहत देने की बजाय दलित व गरीब बच्चों को वजीफा दिलाने की तरफ अपना ध्यान केन्द्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा नेताओं को पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह पर ध्यान देने की बजाय गरीबों को उनका हक दिलवाने की तरफ ध्यान केन्द्रित करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जुमलों से गरीब बच्चे शिक्षा हासिल नहीं कर सकते। केेंद्र सरकार में भाजपा के मंत्री जनता की समस्याओं को दूर करने की बजाय अन्यों को नसीहत देने की बातें कर रहे हैं। वह पहले अपनी जिम्मेदारी तो निभाएं। जाखड़ ने कहा कि आज पंजाब के अनुसूचित जाति के गरीब बच्चे पिछले 2 सालों से अपनी छात्रवृत्ति के लिए भटक रहे हैं। भाजपा के मंत्री उनके पिछले सालों की छात्रवृत्ति के पैसे जारी करवाने में असमर्थ हैं।
उन्होंने केंद्रीय मंत्री से कहा कि वह पहले यह बताए कि वह अपने मंत्रालय से दलित बच्चों के पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति के बकाया 245 करोड़ रुपए कब तक जारी करवा कर बच्चों को देंगे। कांग्रेस नेता ने कहा कि सांपला केंद्र सरकार द्वारा 16 जून 2015 को अनुसूचित जाति के बच्चों के लिए जारी 27 करोड़ रुपए भी पंजाब सरकार से जारी करवाने की हिम्मत तो दिखाएं।
उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के समय जनता के वोट बटोरने के लिए भाजपा ने विदेशों में पड़ा काला धन वापस लाकर हर गरीब के खाते में 15-15 लाख रुपए जमा करवाने का वायदा किया था। केंद्र ने भाजपा सरकार के गठन के 18 महीने बाद भी भाजपा नेता गरीब के खातों में पैसे जमा नहीं करवा सके।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी काला धन कमाने वालों की मदद नहीं की परन्तु भाजपा ने तो केवल जुमलो का ही हमेशा सहारा लेकर लोगों को गुमराह करने की कोशिशें की हैं। भाजपा अपने जिम्मेदारी से अब दौड़ नहीं सकेगी।