Edited By Updated: 30 Apr, 2016 02:37 PM
संभावना के मुताबिक शिव सेना नेता विनय जालंधरी के बेटे पर हुए कातिलाना हमले का मास्टर माइंड खुद दीपक कम्बोज ही निकला।
जालंधर (प्रीत, सुधीर): संभावना के मुताबिक शिव सेना नेता विनय जालंधरी के बेटे पर हुए कातिलाना हमले का मास्टर माइंड खुद दीपक कम्बोज ही निकला। पुलिस ने राज्य में हड़कम्प मचाने वाले गोलीकांड का खुलासा करते हुए 2 युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दीपक कम्बोज को केस में नामजद कर रही है, लेकिन इस मामले में शिव सेना नेता विनय जालंधरी की भूमिका पुलिस स्कैन कर रही है।
एक तथ्य स्पष्ट है कि दीपक कम्बोज ने खुद पर हमला चुनावी साल के चलते पॉलिटिकल माइलेज तथा पुलिस सुरक्षा लेने के लिए करवाया था। गिरफ्तार युवकों से 2 लाइसैंसी वैपन व कारतूस बरामद हुए हैं। उल्लेखनीय है कि 16 फरवरी को दिन-दिहाड़े शिव ज्योति स्कूल के निकट स्कूल से बच्चों के लेने गए दीपक कम्बोज पर मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश युवकों ने फायरिंग कर दी थी। पत्रकारों से बातचीत करते हुए पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला ने बताया कि बताया कि आज पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर वारदात को अंजाम देने वाले 2 युवकों गौरव सोनी उर्फ गौरा पुत्र सतीश सोनी वासी ढन्न मोहल्ला तथा शपिन्द्र सिंह उर्फ शैम्पी पुत्र मोहन दास वासी मखदूमपुरा को गिरफ्तार किया।
आरोपियों से 32 बोर के 2 लाइसैंसी रिवाल्वर तथा 15 कारतूस बरामद किए गए हैं। पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वारदात में शपिन्द्र का वैपन प्रयोग हुआ था। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ में खुलासा किया कि वारदात का मास्टर माइंड खुद दीपक कम्बोज ही है। उसने खुद पर हमले के लिए दोनों को हायर किया था।