Edited By Updated: 17 Sep, 2016 10:13 AM
उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के कहने पर जालंधर में शुरू किया जा रहा स्वीपिंग मशीन प्रोजैक्ट अदालती झमेले में पड़ता नजर आ रहा है
जालंधर(खुराना): उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल के कहने पर जालंधर में शुरू किया जा रहा स्वीपिंग मशीन प्रोजैक्ट अदालती झमेले में पड़ता नजर आ रहा है क्योंकि मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के पार्षदों ने इस प्रोजैक्ट को स्थानीय अदालत में चैलेंज कर दिया है जिस पर शनिवार 17 सितम्बर को फैसला आने की उम्मीद है।
कांग्रेसी पार्षदों ने अनौपचारिक बातचीत में बताया कि उन्हें न्याय प्रणाली पर पूर्ण भरोसा है और उन्होंने मांग कर रखी है कि इस प्रोजैक्ट पर स्टे आर्डर जारी किया जाए। विपक्षी पार्षदों ने बताया कि यह प्रोजैक्ट अत्यंत महंगे दाम पर और सिंगल टैंडर के आधार पर नियमों के विपरीत जाकर जारी किया जा रहा है जिसमें करीब 27 करोड़ रुपए का घोटाला है और लोगों के टैक्सों के पैसे का निगम द्वारा दुरुपयोग किया जा रहा है।
गौरतलब है कि अकाली-भाजपा के पार्षद कमलजीत सिंह भाटिया, रवि महेन्द्रू, मिंटा कोछड़ तथा गोपाल गुप्ता भी स्वीपिंग मशीन द्वारा चंद सड़कों की सफाई के नाम पर 30 करोड़ रुपए की भारी-भरकम राशि खर्च करने के खिलाफ हैं। अब देखना है कि कांग्रेस द्वारा दायर की गई याचिका पर अदालत क्या फैसला सुनाती है।