Edited By Updated: 23 Oct, 2016 11:39 AM
रामा मंडी के जौहल मल्टी-स्पैशलिटी अस्पताल में 19 अक्तूबर को हुए विवाद की गाज थाना रामा मंडी के प्रभारी इंस्पैक्टर नरेश कुमार जोशी पर गिरी है।
जालंधर(महेश): रामा मंडी के जौहल मल्टी-स्पैशलिटी अस्पताल में 19 अक्तूबर को हुए विवाद की गाज थाना रामा मंडी के प्रभारी इंस्पैक्टर नरेश कुमार जोशी पर गिरी है। उन्हें पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला द्वारा लाइन हाजिर करते हुए पुलिस लाइन में भेज दिया गया है। उक्त मामले में पंजाब मैडी केयर सर्विस एक्ट 2008 के तहत थाना रामा मंडी में नामजद किए गए पंजाब पेंडू मजदूर यूनियन के प्रधान कश्मीर सिंह घुगशोर को अभी तक पुलिस गिरफ्तार नहीं कर सकी है।
वर्णनीय है कि शुक्रवार को शहर के बड़ी संख्या में डाक्टरों द्वारा पुलिस कमिश्नर के घर का घेराव करते हुए जौहल अस्पताल में माहौल खराब करने को लेकर घुगशोर की गिरफ्तारी और एस.एच.ओ. नरेश कुमार जोशी को डा. बी.एस. जौहल को मरीज के परिजनों से माफी मांगने की बात कहने पर सस्पैंड करने की बात कही गई थी। पुलिस कमिश्नर अर्पित शुक्ला तथा विधायक के.डी. भंडारी के आश्वासन पर सी.पी. के घर से धरना उठाते हुए डाक्टरों ने चेतावनी दी थी कि अगर उनकी मांग को न पूरा किया गया तो वे अस्पतालों को बंद कर बड़ा संघर्ष करने के लिए मजबूर होंगे।
इसके चलते पुलिस प्रशासन ने नरेश कुमार जोशी को बाद दोपहर लाइन हाजिर कर दिया। जोशी ने कहा था कि उन्होंने जौहल अस्पताल में बिगड़े माहौल को अपने ढंग से हल कर लिया था लेकिन इसके बाद जौहल अस्पताल के लोगों ने अस्पताल से चले गए धरनाकारियों पर फिर हमला कर दिया। अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आए कश्मीर सिंह घुगशोर की गिरफ्तारी के लिए आज रामा मंडी थाने की पुलिस ने माननीय जज बलकार सिंह की अदालत में पेश होकर घुगशोर को भेजने के लिए नोटिस जारी करवाया है। माननीय जज ने कहा है कि अगर नोटिस भेजने पर घुगशोर सरैंडर नहीं करता तो उसके गिरफ्तारी वारंट निकाले जाएंगे।