Edited By Punjab Kesari,Updated: 17 Feb, 2018 07:41 AM
आयकर विभाग को कल जालंधर में ब्रैंडरथ रोड पर स्थित रैडीमेड गार्मैंट्स शोरूम छाबड़ा कलैक्शंस पर मारे गए छापे के दौरान बड़ी सफलता मिली है। आयकर विभाग के प्रिंसीपल कमिश्रर पी.एम. शिवा कुमार के निर्देशों पर विभाग के अधिकारियों ने कल छाबड़ा कलैक्शंस पर...
जालंधर (धवन): आयकर विभाग को कल जालंधर में ब्रैंडरथ रोड पर स्थित रैडीमेड गार्मैंट्स शोरूम छाबड़ा कलैक्शंस पर मारे गए छापे के दौरान बड़ी सफलता मिली है। आयकर विभाग के प्रिंसीपल कमिश्रर पी.एम. शिवा कुमार के निर्देशों पर विभाग के अधिकारियों ने कल छाबड़ा कलैक्शंस पर छापा मारा था।
विभागीय सूत्रों से पता चला है कि छापे की कार्रवाई आज दोपहर तक चलती रही जिसके बाद छाबड़ा कलैक्शंस ने 2.50 करोड़ की राशि विभाग के सामने सरैंडर कर दी। अब चूंकि मौजूदा वित्तीय वर्ष समाप्ति की तरफ बढ़ रहा है इसलिए विभाग ने अपने लक्ष्यों को पूरा करने के लिए कम टैक्स का भुगतान करने वालों के सर्वे शुरू कर दिए हैं। अब जैसे-जैसे वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर अग्रसर होगा वैसे-वैसे आयकर विभाग द्वारा सर्वे की कार्रवाइयां बढ़ाई जा सकती हैं।
विभागीय सूत्रों ने बताया कि प्रिंसीपल आयकर कमिश्रर शिवा कुमार के निर्देशों पर हुई कार्रवाई का संचालन एडीशनल कमिश्रर बलविंद्र कौर तथा असिस्टैंट कमिश्रर प्रियंका द्वारा किया जा रहा था। सर्वे की कार्रवाई में आई.टी.ओ. एस.पी. सिंह व अन्य अधिकारियों ने भी भाग लिया। छाबड़ा कलैक्शंस द्वारा सरैंडर की गई 2.50 करोड़ की राशि में से आयकर विभाग को लगभग 30 प्रतिशत से अधिक की राशि टैक्स के रूप में प्राप्त होगी। इस हिसाब से आयकर विभाग को लगभग 75 लाख रुपए का टैक्स वसूल हो सकता है। विभागीय सूत्रों ने कहा कि कम टैक्स का भुगतान करने वाली अन्य व्यापारिक व औद्योगिक इकाइयों के बारे में भी रिपोर्टें तैयार की जा रही हैं। सर्वे की कार्रवाई के दौरान आयकर विभाग अपने साथ पुलिस कर्मचारियों को भी सुरक्षा की दृष्टि से साथ लेकर गया था।