Edited By Updated: 13 Aug, 2016 04:11 PM
पंजाब से कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने आज आर.एस.एस. के वरिष्ठ नेता जगदीश गगनेजा जिन पर पिछले दिनों अज्ञात नौजवानों ने जालन्धर में प्राण घातक हमला किया था, के परिवारिक सदस्यों से डी.एम.सी. लुधियाना में मुलाकात की।
जालन्धर (धवन): पंजाब से कांग्रेसी प्रतिनिधिमंडल ने आज आर.एस.एस. के वरिष्ठ नेता जगदीश गगनेजा जिन पर पिछले दिनों अज्ञात नौजवानों ने जालन्धर में प्राण घातक हमला किया था, के परिवारिक सदस्यों से डी.एम.सी. लुधियाना में मुलाकात की।
मुलाकात करने वालों में पंजाब कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता व पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुनील जाखड़ तथा कांग्रेसी विधायक भारत भूषण आशु व अन्य शामिल थे।
जाखड़ ने गगनेजा की पत्नी से समूची शूटआऊट घटना की जानकारी लेने के बाद मांग की कि केंद्र सरकार को अब पंजाब में राष्ट्रपति शासन लागू कर देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल के बयानों में विरोधाभास है। सुखबीर कहते हैं कि गगनेजा पर हमला करने के लिए पाकिस्तान की खूफिया एजैंसी आई.एस.आई. जिम्मेदार है तो बादल कहते हैं कि इसके पीछे बाहरी शक्तियों का हाथ नहीं है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में स्वयं डी.जी.पी. मान चुके हैं कि राज्य में 57 अपराधिक गैंग काम कर रहे हैं। वास्तव में इन गैंगों को अकाली सरकार ने सियासी संरक्षण प्रदान किया हुआ है। उन्होंने कहा कि अब तो इन गैंगों के सदस्य आर्मी को सप्लाई करने वाले ठेकेदारों से भी वसूली करने लगे हैं।
उन्होंने पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्तियों को रद्द करने के फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि आम आदमी पार्टी ने इस मामले में पूरी तरह से चुप्पी साधी हुई है।
उन्होंने कहा कि वास्तव में अकाली दल तथा आम आदमी पार्टी ने आपस में अंदरखाते हाथ मिलाया हुआ है। अकाली आम आदमी पार्टी को प्रोत्साहित कर रहे हैं ताकि कांग्रेस को सत्ता में आने से रोका जा सके।