Edited By Updated: 30 Aug, 2016 10:01 PM
पंजाब कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सुखपाल सिंह खैहरा के बीच सियासी खींचतान और बढ़ गई है। खैहरा ने ...
जालंधर (धवन): पंजाब कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी के प्रवक्ता सुखपाल सिंह खैहरा के बीच सियासी खींचतान और बढ़ गई है। खैहरा ने पिछले दिनों पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेन्द्र सिंह पर आरोप लगाया था कि उन्होंने अमरीका दौरे के दौरान कांग्रेस व लुबाना समुदाय के नेता कुलविन्द्र सिंह बब्बल के परिवार से चंदा लिया है।
आज पत्रकार सम्मेलन में खैहरा पर जवाबी हमला करते हुए कांग्रेस नेता कुलविन्द्र सिंह बब्बल ने उन्हें चुनौती देते हुए कहा कि या तो वे अपने आरोप साबित करें, अन्यथा उनके खिलाफ कैप्टन अमरेन्द्र सिंह की छवि को नुक्सान पहुंचाने के लिए मानहानि का केस दायर किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि खैहरा को बिना शर्त कांग्रेस व अमरेन्द्र सिंह से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर खैहरा यह साबित कर देते हैं कि उनके परिवार ने कैप्टन को चंदा दिया है तो वह भुलत्थ विधानसभा हलके से अपनी उम्मीदवारी की दावेदारी वापस ले लेंगे। उन्होंने कहा कि खैहरा के जाने के बाद भुलत्थ में कांग्रेस मजबूत हुई है तथा लुबाना समुदाय को उन्होंने कांग्रेस के साथ जोड़ा है। इसीलिए उन्होंने पार्टी की टिकट मांगी है।
लुबाना नेता ने कहा कि खैहरा को कांग्रेस की अधिक चिन्ता क्यों है। कांग्रेस जिसे मर्जी भुलत्थ में टिकट दे सकती है। उन्होंने कहा कि वास्तव में खैहरा इसलिए चिंतित है क्योंकि आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बावजूद उन्हें अपनी हार सामने दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि खैहरा चूंकि अब कांग्रेस छोड़ चुके है, इसलिए उन्हें कांग्रेस की बजाय आम आदमी पार्टी की ज्यादा चिन्ता करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि यह भी गारंटी नहीं है कि खैहरा चुनावों तक आम आदमी पार्टी में बने रहेंगे या नहीं। अब खैहरा को महसूस हो रहा है कि उन्होंने कांग्रेस छोड़कर गलती की तथा वह वापस कांग्रेस में शामिल होना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि उन्हें तो यह भी सूचना मिली है कि खैहरा भुलत्थ में अपनी हार को देखते हुए किसी अन्य विधानसभा सीट से चुनाव लडऩे का मन बना रहे हैं। बब्बल ने कहा कि इसीलिए अभी तक खैहरा की उम्मीदवारी का ऐलान आम आदमी पार्टी ने नहीं किया है।