Edited By Updated: 25 Oct, 2016 05:23 PM
पंजाब कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की तुलना भगौड़े नेता के रूप में करते हुए कहा है
जालंधर (धवन): पंजाब कांग्रेस ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल की तुलना भगौड़े नेता के रूप में करते हुए कहा है कि 24 घंटे तक पूर्व मुख्यमंत्री कै. अमरेन्द्र सिंह के साथ चली ट्विटर वार में पराजित होने के बाद केजरीवाल लगातार मीडिया का सामना करने से कतरा रहे हैं।
पंजाब कांग्रेस के 2 वरिष्ठ उपाध्यक्षों राणा गुरजीत सिंह तथा केवल सिंह ढिल्लों ने एक संयुक्त वक्तव्य में कहा कि केजरीवाल का 3 दिन का पंजाब दौरा बुरी तरह से फ्लाप हो गया है। अब ब्रांड केजरीवाल को कोई भी अपनाने के लिए तैयार नहीं है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल तो पहले ही पंजाब के चुनावी दृश्य से अदृश्य हो गए हैं। अभी तो चुनावी तारीखों को ऐलान भी होना बाकी है। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भी सितम्बर 2016 में कांग्रेस ने केजरीवाल को लेकर भगौड़ा दिवस का आयोजन किया था। क्योंकि वह राजधानी से लगातार गायब रहे थे।
प्रदेश कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जिस तरह से केजरीवाल कैप्टन अमरेन्द्र सिंह से सार्वजनिक बहस करने से दौड़ गए हैं, इसके बाद केजरीवाल द्वारा कैप्टन पर पिछले समय से लगाए जा रहे सभी आरोप भी आधारहीन होकर रह गए हैं। केजरीवाल बार-बार कैप्टन तथा बादलों के बीच समझौता होने की बातें कर रहे थे। परन्तु अगर वह अपने बयानों पर कायम रहते तो उन्हें कैप्टन के साथ सार्वजनिक बहस करने से गुरेज नहीं करना चाहिए था।