Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Jan, 2018 12:04 PM
शहर को प्रदूषण मुक्त और ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई सख्ती के बाद शुरू हुआ आटो चालकों का विरोध धीरे-धीरे उग्र रूप धारण करता जा रहा है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठकों के बेअसर रहने के पश्चात आटो...
जालंधर: शहर को प्रदूषण मुक्त और ट्रैफिक जाम की समस्या को दूर करने के लिए ट्रैफिक पुलिस द्वारा की गई सख्ती के बाद शुरू हुआ आटो चालकों का विरोध धीरे-धीरे उग्र रूप धारण करता जा रहा है। पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ हुई बैठकों के बेअसर रहने के पश्चात आटो चालकों ने आज दिन में आटोका का चक्का जाम कर दिया। दिन भर शहर में आटो नहीं चले। विभिन्न स्थानों पर प्रदर्शन के बाद आटो यूनियन ने रोष मार्च निकाला और दोपहर बाद प्रशासनिक अधिकारियों को मांगों संबंधी ज्ञापन भी दिया।
बीते दिनों पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठकों का कोई नतीजा न निकलने के पश्चात आज बस स्टैंट आटो यूनियन के प्रधान रोहित कल्याण तथा यूनाइटिड आटो रिक्शा यूनियन के प्रधान रवि सभ्रवाल ने समर्थकों के साथ पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत आज सुबह आटोज का चक्का जाम रखा। बस स्टैंड, बस्तीयात इलाके, रेलवे स्टेशन पर आटो बंद कर चालकों ने पुलिस व प्रशासन के विरोध में नारेबाजी भी की। दोपहर के समय वर्कशाप चौक से डी.सी. दफ्तर तक रोष मार्च निकाला गया। यूनियन प्रधान रोहित कल्याण और रवि सभ्रवाल ने बताया कि प्रशासन द्वारा धक्केशाही की जा रही है। सभी पर सी.एन.जी. किट के लिए दबाव डाला जा रहा है, सभी आटो चालक सी.एन.जी. किट के लिए तैयार भी हैं लेकिन शहर में सी.एन.जी. पम्प तक की पर्याप्त सुविधा नहीं है।यूनियन नेताओं ने मांग की कि शहर में कम से कम 12 सी.एन.जी. पम्प खोले जाएं ताकि जब आटोज सी.एन.जी. किट से युक्त हों तो उन्हें सी.एन.जी. गैस की समस्या न आए। यूनियन नेताओं ने कहा कि पी.एन.बी. चौक से बस्ती अड्डा तक बिना परमिट के आटोज का रूट बंद किए जाने के कारण कई आटो चालकों का काम बंद हो गया है। परिवारों का गुजारा तक मुमकिन नहीं है। यूनियन नेताओं ने पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों से मांग की कि आटो चालकों को समय दिया जाए ताकि किसी को परेशानी न हो और समस्या का भी समाधान हो। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि अगर उनके साथ धक्केशाही हुई तो वह अपने संघर्ष को और तेज करेंगे।
लोगों में परेशानी का आलम
आटो चालकों की एक दिन की हड़ताल के कारण आज शहर के सैंकड़ों लोग परेशान रहे। आटो न मिलने के कारण बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। हड़ताल के कारण बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर आटो जाम रहे। परमिट वाले आटो चले, लेकिन हड़ताल के दौरान हो रही तीखी नोक-झोंक के कारण सवारियों को भी खासी परेशानी हुई। बस स्टैंड पर लोग अपना सामान उठाकर रिक्शा ढूंढते फिरते देखे गए।
आटो चालक बंटे 2 गुटों में, कई जगह तीखी नोक-झोंक
आटो चालकों की हड़ताल को लेकर आटो चालक भी 2 गुटों में बंटे दिखे। कई जगहों पर परमिट वाले आटो चालकों तथा नॉन परमिट आटो चालकों के बीच सुबह टकराव की स्थिति रही, परंतु पुलिस की चौकसी के कारण टकराव टल गया। सुबह हड़ताल करने वाली यूनियन के समर्थकों ने बस स्टैंड, पी.ए.पी. चौक, वर्कशाप चौक की तरफ चल रहे परमिट वाले आटोका को रोका और हड़ताल में शामिल होने के लिए कहा लेकिन परमिट वाले आटो चालकों ने हड़ताल में शामिल होने से इंकार कर दिया जिस पर कई जगहों पर उनमें तीखी नोक-झोंक भी हुई लेकिन पुलिस के मौके पर रहने के कारण स्थिति नियंत्रण में रही।