Edited By Punjab Kesari,Updated: 02 Mar, 2018 09:16 AM
विजीलैंस ब्यूरो जालंधर रेंज के एस.एस.पी. दलजिंद्र सिंह ढिल्लों के निर्देशों पर विजीलैंस विभाग की टीम जिसमें इंस्पैक्टर मनदीप सिंह शामिल थे, ने डी.एस.पी. सतपाल चौधरी की अगुवाई में ट्रैप लगाकर जी.एस.टी. विभाग के ई.टी.ओ.-कम-स्टेट टैक्स ऑफिसर गुरजीत...
जालंधर: विजीलैंस ब्यूरो जालंधर रेंज के एस.एस.पी. दलजिंद्र सिंह ढिल्लों के निर्देशों पर विजीलैंस विभाग की टीम जिसमें इंस्पैक्टर मनदीप सिंह शामिल थे, ने डी.एस.पी. सतपाल चौधरी की अगुवाई में ट्रैप लगाकर जी.एस.टी. विभाग के ई.टी.ओ.-कम-स्टेट टैक्स ऑफिसर गुरजीत सिंह को 13,000 रुपए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार सेल टैक्स वकील राजू अंबेदकर ने विजीलैंस विभाग में शिकायत की थी कि उसने एक फर्म का वर्ष 2014 से 17 तक का सेल टैक्स भरा था। उक्त समय की रिटर्नें अंडर सैक्शन 26, पंजाब वैल्यू एडिड टैक्स एक्ट 2005 के अनुसार सहायक आबकारी व कर कमिश्नर जालंधर-1 जोकि अब जी.एस.टी. विभाग बन गया है, के पास जमा करवाई थीं। उक्त फर्म को ई.टी.ओ. गुरजीत सिंह डील कर रहा था। गुरजीत सिंह ने समय-समय पर जो कागजात मांगे उसे दे दिए गए। इसके बाद गुरजीत ने उक्त सारी रिटर्नों को फाइल करना था और इनका फाइनल असैस्मैंट ऑर्डर डिस्पोजल रजिस्टर पर चढ़ाना था, पर फर्म के वकील द्वारा बार-बार गुरजीत से उक्त फाइनल असैस्मैंट ऑर्डर की कापी की मांग की जा रही थी लेकिन अधिकारी द्वारा ऑर्डर की कापी नहीं दी जा रही थी। शिकायतकत्र्ता ने बताया कि उसने गत दिनों उक्त अधिकारी गुरजीत सिंह से निवेदन किया कि उसे आर्डर की कापी दी जाए क्योंकि उसने इसे फर्म को देना है तो गुरजीत ने कहा कि उसे पता होना चाहिए कि फाइनल ऑर्डर ऐसे नहीं मिलते। अगर फाइनल ऑर्डर लेना है तो मेरी मुट्ठी गर्म करनी पड़ेगी।
इसके लिए अधिकारी ने शिकायतकत्र्ता से 20,000 रुपए की मांग की। इस पर राजू अंबेदकर ने अधिकारी से मिन्नत की कि 20,000 रुपए तो बहुत ज्यादा हैं तो गुरजीत आखिर में 13,000 रुपए में आर्डर सर्टीफिकेट देने को राजी हो गया और कहा कि 1 मार्च को फोन करना और पैसे ले के आना। इसके बाद राजू ने विजीलैंस विभाग से शिकायत की और सारी बात बताई। डी.ए.पी. द्वारा इंस. मनदीप सिंह की अगुवाई में एक टीम गठित की गई जिसमें एच.सी. गुरजीत सिंह, सी. सिपाही इंद्र सिंह, सिपाही अमनदीप मान शामिल थे। उनके साथ सरकारी गवाह डा. सुरिंद्र कुमार, गुरचरण सिंह, एस.डी.ई. यादविंद्र सिंह व राजेश कुमार को शामिल किया गया। ट्रैप लगाया गया और जब राजू अंबेदकर ने ई.टी.ओ. गुरजीत सिंह को उसके दफ्तर में जाकर 13,000 रुपए रिश्वत दी तो उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे विजीलैंस एस.एस.पी. के समक्ष पेश किया गया। कल उसे अदालत में पेश किया जाएगा।