Edited By Updated: 26 Jul, 2016 12:05 PM
पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष कै.अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा हरियाणा में उनके सहयोगी चौधरी देवी लाल ने मिलकर एस.वाई.एल. नहर का निर्माण शुरू करवाया था।
जालंधर/दसूहा : पूर्व मुख्यमंत्री व प्रदेशाध्यक्ष कै.अमरेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल तथा हरियाणा में उनके सहयोगी चौधरी देवी लाल ने मिलकर एस.वाई.एल. नहर का निर्माण शुरू करवाया था। इसमें कांग्रेस की कोई भूमिका नहीं थी। हरियाणा विधानसभा की प्रोसीडिंग्स में इसका जिक्र भी है। अकालियों द्वारा कांग्रेस पर दोष लगाना उचित नहीं है। उन्होंने पुन: दोहराया कि सुप्रीम कोर्ट का पानी के मामले में पंजाब के खिलाफ फैसला आने पर सभी कांग्रेसी विधायक तथा सांसद अपने पदों से इस्तीफे दे देंगे।
आज यहां ‘हल्के विच कैप्टन’ कार्यक्रम में जनता की शिकायतें सुनने के बाद उन्होंने कहा कि वह ट्रांसपोर्ट तथा रेत खनन में बादलों तथा मजीठिया का एकाधिकार खत्म कर देंगे। ट्रांसपोर्ट के रूट परमिट नौजवानों में बांटे जाएंगे तथा रेत के दाम कम करने के लिए सभी के लिए उसके द्वार खोल दिए जाएंगे। उन्होंने भगवंत मान को स्पीकर द्वारा निलम्बित करने पर कहा कि यह एक सही फैसला है, क्योंकि मान ने संसद की सुरक्षा को तोडऩे की कोशिश की है। वहीं उन्होंने पंजाब के पानी के मुद्दे को सुलझाने के लिए मुख्यमंत्री बादल को एक मंच पर आने का न्योता दिया है। कैप्टन ने बादल को मोर्चे लगाने की जगह संवैधानिक लड़ाई लड़ने के लिए कहा है।