Edited By Punjab Kesari,Updated: 31 Jan, 2018 10:43 AM
विगत रात्रि कुछ नौजवानों ने एक नौजवान पर पुन: हमला करते हुए उसे मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया जिसके चलते मामला गर्मा गया।
बटाला(बेरी): विगत रात्रि कुछ नौजवानों ने एक नौजवान पर पुन: हमला करते हुए उसे मारपीट कर गंभीर घायल कर दिया जिसके चलते मामला गर्मा गया।
जानकारी के अनुलाप सतिन्द्रपाल सिंह उर्फ लक्की पुत्र गुरजीत सिंह निवासी अचली गेट बटाला का कुछ नौजवानों के साथ लोहड़ी वाले दिन झगड़ा हुआ था जिसके बाद सिटी पुलिस की ओर से इस संबंध में थाना सिटी में मारपीट करने वाले नौजवानों के विरुद्ध केस भी दर्ज कर दिया गया था लेकिन संबंधित नौजवानों को पुलिस द्वारा गिरफ्तार नहीं किया गया था जिसके चलते विगत रात्रि उन्हीं नौजवानों ने सतिन्द्रपाल को उस समय घेर लिया जब वे मलावे की कोठी की तरफ पैसे लेने हेतु अपने नौकर के साथ जा रहा था।
इस दौरान संबंधित नौजवानों ने सतिन्द्रपाल सिंह को मारपीट कर घायल कर दिया व फरार हो गए जिसके बाद सतिन्द्रपाल सिंह को उसके परिजनों ने सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। सूचना मिलने के बाद एस.एच.ओ. सिटी सुखविन्द्र सिंह ने सिविल अस्पताल में पहुंच सतिन्द्रपाल सिंह के बयानों को कलमबद्ध कर दिया है।
उक्त नौजवान सतिन्द्रपाल सिंह के समर्थन में आई शिवसेना हिन्दुस्तान ने पहले सिविल अस्पताल में पुलिस प्रशासन को 3 दिनों में संबंधित नौजवानों को गिरफ्तार न किए जाने का अल्टीमेटम देकर भूख हड़ताल करने का ऐलान किया था लेकिन बाद में शिवसेना के कार्यकत्र्ताओं ने शिवसेना हिन्दुस्तान के संगठन मंत्री पंजाब राजिन्द्र सिंह राजा वालिया की अगुवाई में एस.एस.पी. कार्यालय के बाहर धरना लगाया और पुलिस के विरुद्ध नारेबाजी करनी शुरू कर दी।
एस.एस.पी. घुम्मन के आश्वासन के बाद उठाया धरना
इसके बाद एस.एस.पी. उपिन्द्रजीत सिंह घुम्मन ने राजा वालिया व शिव सैनिकों को अपने कार्यालय में बातचीत हेतु बुलाया और उन्हें आश्वासन दिया कि सतिन्द्रपाल सिंह पर हमला करने वाले संबंधित व्यक्तियों को पुलिस जल्द गिरफ्तार कर लेगी तथा इस संबंध में सी.आई.ए. स्टाफ के इंचार्ज की ड्यूटी लगा दी गई है। इस पर शिव सैनिकों ने धरना उठा लिया। इस अवसर पर सोनू मान, तीर्थ राम, नंद स्वरूप, गुलशन कुमार, संजीव बटालवी, सुनील कुमार आदि मौजूद थे।