Edited By Updated: 27 Sep, 2016 10:31 AM
पुलिस में भर्ती होने के लिए टैस्ट देने आए 25 वर्षीय सतविंदर सिंह की अचानक दौड़ लगाते समय तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया।
अमृतसर/गुरदासपुरः पुलिस में भर्ती होने के लिए टैस्ट देने आए 25 वर्षीय सतविंदर सिंह की अचानक दौड़ लगाते समय तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर जमीन पर गिर गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौत का कारण अभी स्पष्ट नहीं है। हालांकि बताया जा रहा है कि भागते समय युवक की सांस फूल गई और रक्तचाप बढ़ने से दिल का दौरा पड़ गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक सतविंदर सिंह गुरदासपुर के बल सरां गांव का रहने वाला था। घर पर मां-बाप के अलावा एक बहन है। पंजाब पुलिस में भर्ती के लिए सतविंदर ने अप्लाई किया था। इस संबंधी सोमवार को स्थानीय गांधी ग्राउंड में भर्ती प्रक्रिया चल रही थी। दोपहर करीब 2 बजे 20 युवकों का ग्रुप 800 मीटर का राउंड पूरा करने के लिए दौड़ा। सतविंदर भी पूरे उत्साह के साथ भाग रहा था।
पहला चक्कर भी उसने सबसे फास्ट पूरा कर लिया था, और दूसरा चक्कर भी समय में ही पूरा करने के लिए वह भाग रहा था। वह अपना चक्कर पूरा करने ही वाला था कि अचानक बेहोश होकर गिर गया। भर्ती प्रक्रिया पूरी करवा रहे एडीसीपी जगजीत सिंह वालिया तुरंत भाग कर सतविंदर के पास पहुंचे और उन्होंने उसे अपने कंधे पर उठाकर डाॅक्टर कैंप में ले आए। डाॅक्टरों ने सतविंदर को इंजेक्शन लगाए और इसके बाद तुरंत एम्बुलेंस में डालकर अस्पताल भेज दिया, लेकिन वहां पर उसकी मौत हो गई।
उसकी मां ने बताया कि जाते वक्त वो कह कर आया था, ‘बड़ा अफसर बन कर दिखाऊंगा’सतविंदर सिंह की मौत की खबर उसके गांव बल सरां पहुंची तो वहां पर मातम छा गया। उसके परिवार का रो-रो कर बुरा हाल है।