Edited By Updated: 26 Oct, 2016 04:42 PM
किसानों के साथ चुनावों से पहले व चुनाव के बाद अकाली-भाजपा गठबंधन ने जितने भी वायदे किये थे वे सब झूठ का पुलिंदा साबित हुए हैं।
अबोहर (भारद्वाज): किसानों के साथ चुनावों से पहले व चुनाव के बाद अकाली-भाजपा गठबंधन ने जितने भी वायदे किये थे वे सब झूठ का पुलिंदा साबित हुए हैं। ये विचार प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष व विधायक सुनील जाखड़ ने यहां धान की सरकारी खरीद के विभिन्न पहलुओं का जायजा लेने के बाद व्यक्त किए।
जाखड़ ने कहा कि पिछले दिनों जब उन्होंने अनाज मंडी का दौरा किया था तब भी यह बात सामने आई थी कि किसानों को 100 रुपए प्रति क्विंटल सुविधा शुल्क देने के लिए मजबूर किया जा रहा है और धान की नमी ज्यादा बताकर तोल में भी कटौती की जा रही है। यह मुद्दा उनके बाद किसानों ने वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के आगमन के दौरान भी प्रमुखता से उठाया लेकिन इसका कोई समाधान सरकार ने नहीं किया। उन्होंने कहा की धान उत्पादक इस वर्ष भी हैं बेहाल हैं।
जाखड़ ने कहा कि अधिकारी यह स्पष्टीकरण दे रहे हैं कि यहां शैलर उद्योग विकसित न होने के कारण दूसरे शहरों से आए व्यापारी परिवहन शुल्क के रूप में 100 रुपए प्रति क्विंटल कथित रूप से किसानों से वसूल कर रहे हैं। इस स्थिति के लिए भी वर्तमान गठबंधन सरकार ही जिम्मेदार है। जाखड़ को दी गई जानकारी के अनुसार अब तक अबोहर में 3 लाख 10 हजार क्विंटल धान की आवक हुई है। इसमें से 3.05 लाख क्विंटल धान की बिक्री हुई, जबकि 2.80 लाख क्विंटल धान की लिफ्टिंग अब तक हो पाई है। बीते वर्ष कुल मिलाकर 2.82 लाख क्विंटल धान का उत्पादन यहां हुआ था।
वीडियो देखने के लिए क्लिक करें