Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Feb, 2018 08:30 AM
नगर परिषद फाजिल्का के वार्ड नंबर 7 के आज हो रहे उपचुनाव में कांग्रेसियों की धक्केशाही के विरुद्ध बाद दोपहर भाजपा व अकाली दल के नेताओं एवं वर्करों द्वारा स्थानीय संजीव सिनेमा चौक में फाजिल्का के पूर्व विधायक व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार...
फाजिल्का(नागपाल): नगर परिषद फाजिल्का के वार्ड नंबर 7 के आज हो रहे उपचुनाव में कांग्रेसियों की धक्केशाही के विरुद्ध बाद दोपहर भाजपा व अकाली दल के नेताओं एवं वर्करों द्वारा स्थानीय संजीव सिनेमा चौक में फाजिल्का के पूर्व विधायक व पूर्व स्वास्थ्य मंत्री सुरजीत कुमार ज्याणी के नेतृत्व में धरना दिया गया। दोपहर बाद लगभग साढ़े 3 बजे लगा यह धरना करीब 20 मिनट के लिए चला, जिस कारण सड़क के दोनों ओर यातायात अवरुद्ध हो गया।
इस अवसर पर नगर परिषद अध्यक्ष राकेश धूडिय़ा, मार्कीट कमेटी फाजिल्का के पूर्व चेयरमैन व पार्षद अशोक जैरथ, अकाली पार्षद सवि काठपाल, सोई के जिलाध्यक्ष नरिन्द्र पाल सिंह सवना, भाजपा मंडल अध्यक्ष संजीव धूडिय़ा, विकास महेन्द्रू, विनोद जांगिड़, मनजीत गांधी, ज्याणी के पी.ए. बलजीत सहोता, लवली काठपाल व बड़ी संख्या में भाजपा वर्कर उपस्थित थे। उल्लेखनीय है कि यह उपचुनाव भाजपा पार्षद कांता रानी की कुछ महीने पहले हुई मृत्यु के बाद हुआ है।
इस चुनाव के लिए भाजपा व कांग्रेस में सीधा मुकाबला था। महिलाओं के लिए रिजर्व इस वार्ड में भाजपा की ओर से स्व. कांता रानी की बेटी संगीता व कांग्रेस की ओर से बिमला रानी चुनाव मैदान में थी। फाजिल्का के डी.एस.पी. नरिन्द्र सिंह द्वारा चुनाव निष्पक्ष व शांतिपूर्वक ढंग से करवाने के भरोसे के बाद धरना उठाया गया।