Edited By Punjab Kesari,Updated: 04 Jan, 2018 09:51 AM
डेढ़ माह पहले वरियाम नगर निवासी व गांव केराखेड़ा में विवाहित एक महिला के घर से लापता होने जाने के बाद आज तक पुलिस के हाथ महिला का कोई सुराग नहीं लगा है। आरोप है कि पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में थाना सदर में...
अबोहर(रहेजा): डेढ़ माह पहले वरियाम नगर निवासी व गांव केराखेड़ा में विवाहित एक महिला के घर से लापता होने जाने के बाद आज तक पुलिस के हाथ महिला का कोई सुराग नहीं लगा है। आरोप है कि पुलिस ने नामजद लोगों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की है। इस संबंध में थाना सदर में पहुंचे वरियाम नगर निवासी महिला के भाई परमिंदर सिंह, चाचा रघुबीर सिंह व निशान सिंह, भूपेन्द्र सिंह, गुरचरण सिंह, सुखचैन सिंह ने रोष प्रकट करते हुए बताया कि शरणप्रीत कौर उर्फ रजनी की शादी 8 वर्ष पूर्व केराखेड़ा निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र कुलदीप सिंह के साथ हुई थी।
शादी के बाद उसके घर एक बेटी व बेटे ने जन्म लिया। पिछले कुछ समय से उसके ससुराल वाले उनकी बेटी को तंग-परेशान करते थे। कई बार पंचायतें भी हुईं लेकिन वे अपनी हरकतों से बाज नहीं आए। उन्होंने बताया कि 16 नवम्बर को फिर से उसके ससुरालियों ने शरणप्रीत से मारपीट की, जिसके बाद से वह लापता हो गई। उन्होंने इस बात की सूचना थाना सदर पुलिस को दी तो पुलिस ने 27 नवम्बर को लड़की के पति हरजिंदर सिंह, ससुर कुलदीप सिंह, देवर पम्मा सिंह व चिंटू, गोल्डी पुत्र त्रिलोक सिंह व सास के खिलाफ मुकद्दमा दर्ज किया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस ने इन लोगों पर मामला दर्ज किए जाने के करीब डेढ़ माह बाद तक भी कोई कार्रवाई नहीं की है। थाना प्रभारी बरजिंदर सिंह से बात करने पर उन्होंने कहा कि महिला के परिजनों के बयानों पर उक्त लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। वह मामले की जांच कर रहे हैं। महिला के अभी तक बरामद न होने के कारण उन्हें कोई पुख्ता सुराग नहीं मिल रहा।