Edited By Punjab Kesari,Updated: 09 Jan, 2018 11:38 AM
गत कई दिनों से जैतो में लगातार घरों में दिन-दहाड़े डाके डाले जाने और लोगों का कीमती सामान उठाए जाने की वारदातों के विरोध में शहर निवासियों और सभी व्यापारिक व सामाजिक जत्थेबंदियों की तरफ से रोष प्रकट करते हुए जैतो पूर्ण बंद रखा गया।
जैतो(जिन्दल): गत कई दिनों से जैतो में लगातार घरों में दिन-दहाड़े डाके डाले जाने और लोगों का कीमती सामान उठाए जाने की वारदातों के विरोध में शहर निवासियों और सभी व्यापारिक व सामाजिक जत्थेबंदियों की तरफ से रोष प्रकट करते हुए जैतो पूर्ण बंद रखा गया। शहर के लोगों ने अपने-अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद रखकर चौक नंबर एक में विशाल धरना लगाया और पुलिस प्रशासन व पंजाब सरकार खिलाफ नारेबाजी की।
इस अवसर पर वक्ताओं ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि गत दिनों दिन-दहाड़े लोगों के घरों में घुसकर चोर उनके घर में पड़ा सारा सोना, नकदी और हथियार उठाकर ले गए थे। पुलिस की तरफ से कोई भी कार्रवाई न किए जाने और दोषियों को गिरफ्तार न किए जाने के चलते शहरवासियों में पुलिस के प्रति रोष है। व्यापार मंडल जैतो के प्रधान छज्जू राम बांसल, मार्कीट सुधार कमेटी जैतो के प्रधान राकेश कुमार, राइस मिलर्ज एसो. जैतो के प्रधान पन्ना लाल जैन, काऊंसलर रेखा जैन, राकेश डोड के अलावा अलग-अलग संस्थाओं के नेता उपस्थित थे।
प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि आम जनता की जान-माल की रक्षा की जाए और मौजूदा एस.एच.ओ. को मुअत्तिल कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि जब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक लोगों की तरफ से आरंभ किया गया संघर्ष जारी रहेगा। उल्लेखनीय है कि गत 20 दिनों में 3 घरों में एक ही तरीके से डाके डाले गए हैं, जबकि चोरों को पकडऩे में पुलिस नाकाम रही है। जैतो में आयोजित धरने में आप पार्टी के विधायक बलदेव सिंह, अकाली नेता प्रकाश सिंह भट्टी तथा कांग्रेसी नेता मोहम्मद सादिक भी पहुंचे और धरने का समर्थन किया।
स्थिति को देखते हुए एस.एस.पी. फरीदकोट नानक सिंह भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि आरोपियों की पहचान हो चुकी है और एक-दो दिनों में उन्हें काबू कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जैतो की सुरक्षा बढ़ा दी गई है और जैतो को 4 भागों में बांटकर 24 घंटे पैट्रोलिंग की जाएगी। इसके लिए 14 कर्मचारी लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि एस.एच.ओ. जैतो को सिविल लाइन भेज दिया गया है और यहां उनकी जगह पर गुरमीत सिंह की तैनाती की गई है। एस.एस.पी. के आश्वासन पर देर शाम धरना उठा लिया गया। धरने में बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी शिरकत की।