Edited By Updated: 24 Aug, 2016 04:25 AM
लंबी हलके के संगत दर्शन समागम के दौरान आज गांव तपा खेड़ा में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सामने....
श्री मुक्तसर साहिब(तनेजा): लंबी हलके के संगत दर्शन समागम के दौरान आज गांव तपा खेड़ा में मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के सामने ही 2 गुटों की जमकर तीखी बहस हुई। बात बहस तक ही सीमित रहती तो ठीक था परंतु मुख्यमंंत्री के संगत दर्शन करने से पहले ही एक गुट संगत दर्शन का बायकाट करके चला गया व बाहर जाकर आम आदमी पार्टी के हक में नारेबाजी करने लगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जैसे ही मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल संगत दर्शन समागम में पहुंचे और जरूरतमंदों के मकानों की सूची संबंधी बातचीत करने लगे तो इस सूची को लेकर 2 गुटों में बहस शुरू हो गई। एक गुट का आरोप था कि गांव का सरपंच व इंचार्ज सूची में गरीबों के नाम डालने की बजाय अपने चहेतों के नाम डाल रहा है। बहस को एक बार संगत दर्शन में रोका गया परंतु इस दौरान ही एक गुट उठकर संगत दर्शन में से बाहर चला गया।
इस दौरान नाराज गुट ने मुख्यमंत्री के जाने के पश्चात आम आदमी पार्टी के हक में नारेबाजी शुरू कर दी व कहा कि वे जल्द ही गांव में भगवंत मान को बुलाएंगे। इस अवसर पर गुट की अध्यक्षता कर रहे राम सिंह बराड़, नाटी भुल्लर, दलजीत सिंह, सुखचैन भुल्लर ने सूची की नकल दिखाते हुए कहा कि सूची में साढ़े 3 सौ के करीब जरूरतमंदों के नाम थे परंतु गुरजिंद्र सिंह व गांव के इंचार्ज सतेन्द्रजीत सिंह मंटा ने सूची में से बहुत से जरूरतमंदों के नाम ही काट दिए व जो नाम डाले हैं उनमें 3 दर्जन के करीब जमींदार हैं।