Edited By Updated: 14 Feb, 2016 11:09 PM
गांव दानेका चक्क में अपनी प्रेमिका की इज्जत बचाने के लिए एक नौजवान ने 2 साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति...
भटिंडा(बलविंद्र): गांव दानेका चक्क में अपनी प्रेमिका की इज्जत बचाने के लिए एक नौजवान ने 2 साथियों के साथ मिलकर एक व्यक्ति की हत्या कर दी। बताया जाता है कि लड़की ने अपने प्रेमी को यह बात बताई कि उसे उक्त व्यक्ति ने छेड़ा है जो उसे नागवारा गुजरी और उसने पहले तो उस व्यक्ति को समझाया फिर न मानने पर उसे मौत के घाट उतार दिया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार रीटा (काल्पनिक नाम) का किसान पिता बीमार रहता था। किसान ने अपनी जमीन सतपाल सिंह बहादुर को ठेके पर दी हुई थी जिसका किसान के घर आना-जाना हो गया। सतपाल सिंह ने रीटा पर गलत नजर रखनी शुरू कर दी, जबकि उसकी हरकतें बढ़ती गईं तो रीटा ने विरोध भी किया। इसके बाद लड़की का प्रेम संबंध निर्मल सिंह निम्मा के साथ हो गया।
रीटा ने सतपाल सिंह की हरकतों के बारे में निर्मल सिंह को बताया। निर्मल सिंह और रीटा ने उक्त को घर बुलाकर समझाया कि उनका विवाह होने वाला है।
मौके पर सतपाल सिंह ने समझौता कर सब कुछ मान लिया और चला गया। फिर गांव लूलबाई में वह निर्मल सिंह, जिसके साथ उसके साथी कृष्ण सिंह और रणजीत सिंह भी थे, को मिला। इस दौरान सतपाल सिंह ने निर्मल सिंह को कह दिया कि वह रीटा का पीछा नहीं छोड़ेगा। इस बात को लेकर दोनों में लड़ाई हो गई और निर्मल सिंह और उसके साथियों ने सतपाल सिंह की हॉकी और तेजधार हथियार से हत्या कर दी।
दूसरी तरफ, सतपाल सिंह के भाई गुरजंट सिंह ने थाना नंदगढ़ में शिकायत दर्ज करवाई कि उसका भाई 8 फरवरी को गांव दानेका चक्क में ठेके पर लिए खेत में चक्कर लगाने गया लेकिन वापस नहीं लौटा। शक है कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसकी हत्या कर दी है क्योंकि उसका शव गांव लूलबाई निकट झाडिय़ों से बरामद हुआ है। पुलिस ने प्राथमिक जांच उपरांत निर्मल सिंह और उसके साथियों के खिलाफ कत्ल का मामला दर्ज कर उनको गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान निर्मल सिंह ने मान लिया कि सतपाल सिंह उसकी प्रेमिका जिसके साथ उसकी शादी होने वाली थी को परेशान करता था। रोकने पर भी नहीं रुका तो उनसे उसकी हत्या हो गई।