Edited By Updated: 29 Sep, 2016 02:00 AM
उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज भटिंडा में कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू एक गिरगिट है जो पैसे लेकर कभी...
भटिंडा(बलविंद्र): उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आज भटिंडा में कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू एक गिरगिट है जो पैसे लेकर कभी भी रंग बदल लेता है। पहले वह कांग्रेस को आड़े हाथों लेता था, जबकि अब उसके लिए कांगे्रस अच्छी हो गई है। हो सकता है कि कल वह अकाली दल के खेमे में पहुंच जाए। ऐसे लोगों का कोई दीन-ईमान नहीं होता।
उपमुख्यमंत्री यहां कारगिल डेयरी इंडस्ट्री का उद्घाटन करने के बाद पत्रकारों के साथ बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल कह रहा है कि वह चुनाव के चलते 3 माह तक पंजाब में रहेगा, जबकि वह पंजाब का नहीं दिल्ली का मुख्यमंत्री है व उसका दिल्ली में रहना जरूरी है। केजरीवाल की इस सोच से अंदाजा लगाया जा सकता है कि वह दिल्ली निवासियों को लेकर कितना गंभीर है। उस पर भरोसा करना मुश्किल है, जो कुर्सी की खातिर दिल्ली का त्याग करने को तैयार है व ऐसे ही वह कल पंजाब का भी त्याग कर सकता है।
उन्होंने कहा कि पंजाब में बाहरी लोगों के लिए कोई जगह नहीं है। इससे पहले उपमुख्यमंत्री ने कारगिल डेयरी इंडस्ट्री के 88 करोड़ रुपए के प्लांट का उद्घाटन किया, जहां प्रतिमाह 10 हजार एम.टी. फीड तैयार होगी। इस अवसर पर हलका प्रभारी देहाती परमजीत कौर गुलशन, नगर सुधार ट्रस्ट के चेयरमैन दयाल दास सोढी, मेयर बलवंत राय नाथ, एस.जी.पी.सी. सदस्य भाई अमरीक सिंह व अन्य अकाली नेता उपस्थित थे।