Edited By Updated: 14 Oct, 2015 11:06 AM
गांव बखोपीर से 2-3 अक्तूबर की रात को घर से गायब दलित वर्ग की नाबालिग लड़की का शव नहर में से मिला है।
भवानीगढ़ (कांसल): गांव बखोपीर से 2-3 अक्तूबर की रात को घर से गायब दलित वर्ग की नाबालिग लड़की का शव नहर में से मिला है। गांव बखोपीर की महिला ने पुलिस को बताया था कि अज्ञात व्यक्ति उसकी 16-17 वर्ष की लड़की को विवाह का झांसा देकर घर से भगा कर ले गया है। लड़की की तलाश में जुटी पुलिस ने इस मामले में कुछ व्यक्तियों को हिरासत में लिया। तब जाकर लड़की के घर से गायब होने की गुत्थी सुलझ गई।
जानकारी के अनुसार घर से गायब नाबालिग लड़की के सुखचैन सिंह चैनी निवासी गांव दप्फतरीवाला थाना घग्गा से प्रेम संबंध थे। लड़की ने अपने उक्त प्रेमी को उसके साथ विवाह करवाने के लिए कहा पर वह इसके लिए राजी नहीं था। उक्त व्यक्ति ने लड़की से अपना पीछा छुड़वाने के लिए यह साजिश रची।
विवाह करवाने के लिए रजामंद होने का नाटक कर वह लड़की को घर से भगाकर ले गया । उसने उसकी नहर में धक्का देकर हत्या कर दी। पुलिस ने गत देर शाम लड़की का शव एक नहर में से बरामद किया और लड़की का पोस्टमार्टम करवाने के उपरांत लड़की का शव परिजनों को सौंप दिया।