Edited By Updated: 20 Aug, 2016 10:04 PM
पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज पुन: दोहराया कि चंडीगढ़ पर केवल पंजाब का हक है और कांग्रेस ने राज्य...
लौंगोवाल/संगरूर: पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने आज पुन: दोहराया कि चंडीगढ़ पर केवल पंजाब का हक है और कांग्रेस ने राज्य से बड़ा भेदभाव करके इसेे राज्य से छीना है। बादल ने यहां संत हरचंद सिंह लौंगोवाल की 31वीं बरसी के मौके पर राज्य स्तरीय श्रद्धाजंलि समारोह के इतर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि देश में कहीं भी और ऐसी मिसाल नहीं है जहां किसी राज्य को उसकी राजधानी से बेमुख किया गया हो लेकिन पंजाब के साथ बड़ी ज्यादती करते हुए कांग्रेस की केंद्र में रही सरकार ने चंडीगढ़ उसे नहीं दिया जबकि 1980 के दशक में तत्कालीन प्रधानमंत्री ने इस सम्बंध में लोकसभा में घोषणा भी कर दी थी।
उन्होंने कहा कि केवल यहीं नहीं बल्कि राज्य को पंजाबी भाषी क्षेत्रों और पानी पर उसके अधिकार से भी वंचित रखा गया है। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पर केवल एवं केवल पंजाब का हक है और कोई भी इसेे झुठला नहीं सकता। रियो ओलम्पिक में महिला खिलाड़ी पी.वी. सिंधू और साक्षी मलिक द्वारा पदक जीतने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि दोनों महिला खिलाडिय़ों ने देश का सिर गर्व से ऊंचा किया है। एक सवाल के जवाब में बादल ने कहा कि विधायक डा. नवजोत कौर सिद्धू उनकी बेटी की तरह हैं और उनके राजनीतिक हस्तक्षेप के कारण विकास कार्य न होने के लगाए गए आरोप पूरी तरह से बेबुनियाद हैं।
इससे पूर्व अपने संबोधन में उन्होंने कांग्रेस को संत लोंगोवाल की हत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया और कहा कि कांग्रेस द्वारा राजीव लोंगोवाल समझौता लागू न करने के कारण यह अप्रिय घटना घटी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सदैव लोगों में फूट डालो और राजनीति करो की नीति पर चलती रही है। उसने सदैव पंजाब के आर्थिक, सामाजिक और राजनीतिक और यहां तक कि धार्मिक मसलों में अनावश्यक दखलंदाजी की है। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल ने आम आदमी पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि इस पार्टी में नक्सली घुसपैठ कर गए हैं और ये पंजाब में सत्ता हासिल कर राज्य का माहौल खराब करने का प्रयास करने में लगे हैं।