Edited By Updated: 24 May, 2016 03:29 PM
शहर में गत दो दिनों से लुटेरों द्वारा लूट की घटनाओं को भारी संख्या में अंजाम दिया जा रहा है। देर रात्रि नगर कौंसिल के प्रधान
बरनाला: शहर में गत दो दिनों से लुटेरों द्वारा लूट की घटनाओं को भारी संख्या में अंजाम दिया जा रहा है। देर रात्रि नगर कौंसिल के प्रधान व जिला शहरी अध्यक्ष संजीव शोरी की लड़कियों की स्कूटरी से लुटेरे पर्स उड़ाकर फरार हो गए व आज सुबह 2 मोटरसाइकिल सवार झपटमार शहर के पॉश क्षेत्र में से एक लड़की से पर्स छीनकर फरार हो गए। ये दोनों घटनाएं सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गईं हैं।
जानकारी के अनुसार दो मोटरसाइकिल सवार युवक 16 एकड़ स्थित साई मंदिर वाली गली में मोटरसाइकिल एक ओर लगाकर खड़े थे। जब लड़की ने गली में प्रवेश किया तो एक लड़का उसके साथ चलने लगा और अचानक झपट मारकर उसका पर्स छीनकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही डी.एस.पी. पलविन्द्र सिंह चीमा, एस.एच.ओ. दविन्द्र सिंह भारी पुलिस लेकर घटनास्थल पर पहुंच गए और नजदीकी घरों में लगे सी.सी.टी.वी. कैमरे की जांच शुरू कर दी। लड़की की पहचान संदीप कौर पुत्री गुरतेज सिंह निवासी कोठे दीदार सिंह के रूप में हुई। वह ब्यूटी पार्लर का कार्य सीखने के लिए बरनाला आती है।
उधर नगर कौंसिल के अध्यक्ष संजीव शोरी ने बताया कि गत करीब 8 बजे उसकी बड़ी लड़की जो 11वीं व छोटी लड़की जो 7वीं कक्षा में पढ़ती है कापियां खरीदने के लिए पुराने बाजार में एक दुकान पर आई थीं। उन्होंने अपनी स्कूटरी दुकान के बाहर खड़ी कर दी व पर्स स्कूटरी की टोकरी में पड़ा था। दो अज्ञात युवक आए और स्कूटरी में से पर्स लेकर फरार हो गए। उसकी बेटियों को जब इस बात का पता चला तो उन्होंने बहुत शोर मचाया। बाजार के कुछ दुकानदार चोरों के पीछे भागे भी परंतु वे फरार हो गए। यह पूरी घटना सामने वाली दुकान पर लगे सी.सी.टी.वी. कैमरों में कैद हो गई। डी.एस.पी. पलविन्द्र सिंह चीमा ने कहा कि पुलिस ने बड़ी बारीकी से फुटेज की जांच की है। फु टेज की जांच दौरान पुलिस को लुटेरों संबंधी सुराग मिले हैं। जल्द ही दोनों लुटेरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।