Edited By Updated: 07 Oct, 2016 09:13 PM
पंजाब के लोक संपर्क मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द...
कत्थूनंगल: पंजाब के लोक संपर्क मंत्री बिक्रम सिंह मजीठिया ने दिल्ली के मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविन्द केजरीवाल को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में आतंवादियों के खिलाफ सेना की सीमित कार्रवाई के मुद्दे पर सबूत पेश करने सम्बन्धित पाकिस्तान के पक्ष की वकालत करने के लिए उन्होंने अभी तक माफी न मांग कर अपनी नकारात्मक सोच का परिचय दिया है।
मजीठिया ने आज बेगेवाल, शाम नगर और दुधाला गांव में विकास कार्य के लिए करीब एक करोड़ रुपए की अनुदान के चेक वितरित किये तथा कई विकास कार्यों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि राजनीतिक लाभ लेने के प्रयास में केजरीवाल यह भी भूल गये कि वह भारतीय सेना के मनोबल पर चोट मारने का काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सेना देश की सुरक्षा के लिए सरहदों पर रात-दिन पहरा दे रही है। सैन्य कार्रवाई की कामयाबी के मुद्दे पर भारतीय फौज की प्रशंसा करने की जगह हमलों के सबूत पेश करने की मांग करना कौन सी देश भक्ति है।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के सांसद भगवान मान ने संसद की वीडियोग्राफी भी किसी गहरी साजिश का हिस्सा हो सकती है। मजीठिया ने पंजाब कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि कांग्रेस नेता केंद्र और राज्य सरकार द्वारा सरहद से लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने का विरोध कर रहे हैं जबकि उन्हें दोनों सरकारों द्वारा दिखाई बुद्धिमत्ता की प्रशंसा करनी चाहिए।