Edited By Punjab Kesari,Updated: 25 Feb, 2018 10:51 AM
थाना चोहला साहिब की पुलिस ने एक अमृतधारी नौजवान की पगड़ी उतारने के आरोप में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बलजीत सिंह पुत्र दलबीर सिंह निवासी कोट मोहम्मद खां ने थाना चोहला साहिब की पुलिस को दी शिकायत में...
तरनतारन(रमन): थाना चोहला साहिब की पुलिस ने एक अमृतधारी नौजवान की पगड़ी उतारने के आरोप में करीब एक दर्जन लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। बलजीत सिंह पुत्र दलबीर सिंह निवासी कोट मोहम्मद खां ने थाना चोहला साहिब की पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 22 फरवरी को शाम करीब 5 बजे उसका लड़का जसकरण सिंह व गुरलाल सिंह मेला देख कर गांव को लौट रहे थे तो 2 स्विफ्ट गाडिय़ां उनके पास आकर रुकीं जिनमें से जगमोहन सिंह फौजी समेत 12 अज्ञात व्यक्ति गाड़ी में से उतरे, जिनके पास बेसबाल व कुछ दस्ते थे।
उक्त आरोपियों ने उसके लड़के की पगड़ी उतार दी व उनके साथ मारपीट की। अब उसका लड़का व भांजा अस्पताल में उपचाराधीन हैं। बलजीत सिंह ने बताया कि रंजिश यह थी कि लगभग 4 दिन पहले गांव में विवाह समारोह था। उसका लड़का अमृतधारी सिख है और जगमोहन सिंह फौजी शराब पीने का आदी था। उसने उसके लड़के के मुंह में जबरदस्ती शराब डाली थी, जिस पर उसके लड़के ने उसे बुरा-भला कहा था। इसी रंजिश के चलते जगमोहन सिंह ने उसके लड़के व भांजे पर हमला किया है। इस संबंध में ए.एस.आई. सविन्द्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापामारी शुरू कर दी गई है।